देश की खबरें | गृह मंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंचे, पहलगाम आतंकी हमले की जानकारी ली

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहलगाम में हुए घातक आतंकी हमले के बाद कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए श्रीनगर पहुंचे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

श्रीनगर, 22 अप्रैल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहलगाम में हुए घातक आतंकी हमले के बाद कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए श्रीनगर पहुंचे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गयी।

शाह, पर्यटकों पर हुए हमले के कुछ घंटे बाद श्रीनगर पहुंचे और हवाई अड्डे से सीधे राजभवन पहुंचे।

जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक नलिन प्रभात ने गृह मंत्री के आगमन पर उन्हें घटना की जानकारी दी।

इस दौरान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन और खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन डेका मौजूद थे।

अधिकारियों ने बताया कि शाह सुरक्षा अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

उन्होंने बताया कि गृह मंत्री बुधवार को पहलगाम का दौरा कर सकते हैं।

आतंकवादियों ने मंगलवार दोपहर को कश्मीर के पहलगाम शहर के एक प्रसिद्ध मैदान में गोलीबारी की, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गयी।

आतंकी हमले में मारे गये लोगों में ज्यादातर पर्यटक थे।

यह हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक हमला बताया जा रहा है।

एक उच्च पदस्थ अधिकारी ने विस्तृत जानकारी दिए बिना बताया कि मृतकों में दो विदेशी और दो स्थानीय लोग शामिल हैं।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस आतंकी हमले को ‘हाल के वर्षों में आम लोगों पर हुए किसी भी हमले से कहीं बड़ा’ हमला बताया।

पहलगाम शहर से लगभग छह किलोमीटर दूर बैसरन में घने देवदार के जंगलों और पहाड़ों से घिरा एक विशाल घास का मैदान है तथा पर्यटकों और ‘ट्रेकर्स’ का पसंदीदा स्थान है।

अधिकारियों ने बताया कि हथियारबंद आतंकवादी 'मिनी स्विट्जरलैंड' कहे जाने वाले घास के मैदान में घुस आए और भोजनालयों के आसपास घूम रहे, टट्टू की सवारी कर रहे, पिकनिक मना रहे तथा नजारों का आनंद ले रहे पर्यटकों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

पाकिस्तान में स्थित प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के छद्म संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

अधिकारियों ने कहा कि यह संभव है कि आतंकवादी समूह जम्मू के किश्तवाड़ से दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग के रास्ते बैसरन तक पहुंचा हो।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\