देश की खबरें | हॉकी इंडिया ने राज्यों, इकाइयों और अकादमियों को आठ करोड़ रुपये से अधिक के उपकरण बांटे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जमीनी स्तर पर खेल को बढ़ावा देने की कवायद के तहत हॉकी इंडिया ने देश भर में राज्य संघों, सदस्य इकाइयों और अकादमियों को 11000 से अधिक हॉकी स्टिक, 3300 गेंद और सुरक्षा उपकरण वितरित किए जिनकी कीमत आठ करोड़ रुपये है।
नयी दिल्ली, छह जुलाई जमीनी स्तर पर खेल को बढ़ावा देने की कवायद के तहत हॉकी इंडिया ने देश भर में राज्य संघों, सदस्य इकाइयों और अकादमियों को 11000 से अधिक हॉकी स्टिक, 3300 गेंद और सुरक्षा उपकरण वितरित किए जिनकी कीमत आठ करोड़ रुपये है।
यह पहल ‘हॉकी इंडिया का अभिमान हर घर हो हॉकी की पहचान’ कार्यक्रम का हिस्सा है जिसका लक्ष्य जमीनी स्तर पर खेल का विकास करना ही नहीं बल्कि वंचित तबके के बच्चों को खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित करना भी है।
सभी राज्य संघों, सदस्य इकाइयों के अलावा राउंडग्लास पंजाब हॉकी क्लब, ध्यानचंद हॉकी अकादमी, रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब, नवल टाटा हॉकी अकादमी जमशेदपुर, हिम अकादमी और माता साहिब कौर हॉकी अकादमी जैसी अकादमियों को इस कार्यक्रम के तहत फायदा मिला है।
राज्य और सदस्य इकाइयों ने अपने संबंधित जिलों में सामान का वितरण किया।
इस पहल के बारे में बात करते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा, ‘‘यह अभियान भारत में हॉकी के विकास के लिए एक मजबूत नींव बनाने के हमारे दृष्टिकोण के अनुरूप है।’’
उन्होंने कहा,‘‘युवा खिलाड़ियों को स्तरीय हॉकी स्टिक, गेंद और खेल सुरक्षा उपकरण देकर हमारा लक्ष्य एक ऐसा वातावरण तैयार करना है जो उन्हें आगे बढ़ने और अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने में सक्षम बनाएगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)