देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बनाएंगे: सुक्खू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार हिमाचल प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बनाएगी और अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाएगी।

हमीरपुर, 25 जनवरी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार हिमाचल प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बनाएगी और अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाएगी।

उन्होंने लोगों को सस्ती दरों पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए टांडा स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू करने की योजना की भी घोषणा की।

हमीरपुर में 53वें राज्य स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करेगी और राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त बनाएगी।

उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार नहीं होने दिया जाएगा और भ्रष्ट तत्वों को सलाखों के पीछे डाला जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग का निलंबन इस दिशा में एक कदम है।

सुक्खू ने पिछली भाजपा सरकार को राज्य को 75,000 करोड़ रुपये के कर्ज में डालने और कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के बकाये और डीए से संबंधित 11,000 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारियों का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने और वित्तीय संकट के बावजूद चुनावी वादे सभी को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सुक्खू ने कहा कि हालांकि, वादों को पूरा करने के वास्ते संसाधन उत्पन्न करने के लिए कुछ कठोर निर्णय लेना अपरिहार्य है और सरकार ने पहले ही 1.36 लाख कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ दिया है।

उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक फैसला नहीं है, बल्कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए उठाया गया एक गंभीर कदम है।

रोजगार सृजन का उल्लेख करते हुए, सुक्खू ने कहा कि एक नई निवेश नीति लागू की जाएगी जिसमें नए उद्यम शुरू करने के लिए युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण देने की परिकल्पना की गई है और पर्यटन क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के लिए चरणबद्ध तरीके से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल खोले जाएंगे।

इससे पहले, मुख्यमंत्री ने खराब मौसम के बीच तिरंगा फहराया और हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी कैडेट की टुकड़ियों से सलामी ली।

उन्होंने इस मौके पर परेड का निरीक्षण भी किया।

राज्य के पहले मुख्यमंत्री डॉ. वाईएस परमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को 25 जनवरी 1971 को राज्य का दर्जा मिला और डॉ. परमार के अथक प्रयासों से यह देश का 18वां राज्य बना।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\