शिमला, 19 सितंबर हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने मंगलवार को अपने एक महीने का वेतन आपदा राहत कोष में दान किया और 13.5 लाख रुपये का एक चेक मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को सौंपा। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने यह जानकारी दी।
ठाकुर ने विधानसभा के बाहर मीडियाकर्मियों से कहा, “हमने एक महीने का वेतन आपदा राहत कोष में दान करने का वादा किया था।”
उन्होंने कहा कि भाजपा के 25 विधायकों ने मंगलवार को अपना एक महीने का वेतन दान कर दिया।
इससे एक दिन पहले मुख्यमंत्री ने कहा था कि भाजपा के विधायकों ने आपदा राहत कोष में दान नहीं किया है।
सुक्खू ने सोमवार को विधानसभा सत्र के दौरान कहा था कि कांग्रेस के विधायकों ने एक महीने का वेतन जबकि राज्य सरकार के कर्मचारियों ने दो दिन की तनख्वाह दान की है।
उन्होंने कहा था कि कई राज्य सरकारों, आम लोगों और यहां तक कि छात्रों ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाया है, लेकिन भाजपा के विधायकों ने अपना वेतन दान नहीं किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY