देश की खबरें | एक दूसरे पर निर्भर विश्व में स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने में स्वास्थ्य प्रणालियों में बदलाव की जरूरत : मांडविया

नयी दिल्ली, 13 जनवरी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को कहा कि एक दूसरे पर निर्भर विश्व में स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिये स्वास्थ्य सेवा प्रणालियों में बदलाव की जरूरत है ताकि गुणवत्ता बनाये रखते हुए स्थानीय स्तर एवं वैश्विक दक्षिण क्षेत्र के वंचित समुदायों तक वहनीय एवं सस्ती स्वास्थ्य सेवा मुहैया करायी जा सके।

मांडविया ने ‘वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ’ डिजिटल शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन स्वास्थ्य मंत्रियों के एक सत्र को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ कोविड-19 ने हमें बताया है कि हम एक दूसरे पर निर्भर विश्व में रह रहे हैं और जब सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति के प्रबंधन की बात आती है तब हम सभी असुरक्षा की स्थिति में होते हैं।’’

उन्होंने कहा कि महामारी ने स्वास्थ्य प्रणाली में वर्तमान चुनौतियों को भी रेखांकित किया है और इसमें आमूलचूल परिवर्तन की जरूरत बतायी है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा आपूर्ति की व्यवस्था और आधारभूत ढांचे का निर्माण हमारे दीर्घकालिक लचीली स्वास्थ्य प्रणाली तैयार करने का केंद्रीय आयाम है ताकि भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों को लेकर तैयारी के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को बनाये रखा जा सके।

मांडविया ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में क्षेत्रीय विनिर्माण नेटवर्क समर्थित कम खर्च वाले अनुसंधान की व्यवस्था को बढ़ावा देना जरूरी है।

उन्होंने दुनियाभर में मरीजों को मूल्य आधारित स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने को लक्षित ‘हील इन इंडिया’ पहल का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य समता सुनिश्चित करने की जरूरत है, खासतौर पर वैश्विक दक्षिण क्षेत्र में।

उन्होंने कहा कि भारत ने जी20 समूह की अध्यक्षता ग्रहण की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वैश्विक दक्षिण की आवाज और सहयोग के महत्व को रेखांकित किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ जी20 की भारत की अध्यक्षता में डिजिटल स्वास्थ्य पहल मुख्य प्राथमिकता होगी।’’

मांडविया ने चिकित्सा के क्षेत्र में भारत की विशेषज्ञता, भारत के टीका डिजिटल प्लेट्रफार्म कोविन को दुनिया के साथ साझा करने के साथ ही आयुर्वेद, यूनानी, हेम्योपैथी, प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग आदि के महत्व को भी रेखांकित किया ।

दीपक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)