जरुरी जानकारी | एचडीएफसी बैंक का पहली तिमाही का शुद्ध लाभ 20 प्रतिशत बढ़कर 6,659 करोड़ रुपये पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. एचडीएफसी बैंक का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) का एकल शुद्ध लाभ करीब 20 प्रतिशत बढ़कर 6,658.62 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

नयी दिल्ली, 18 जुलाई एचडीएफसी बैंक का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) का एकल शुद्ध लाभ करीब 20 प्रतिशत बढ़कर 6,658.62 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

बैंक के ऋण में अच्छी वृद्धि से उसकी ब्याज आय अच्छी रही है, जिससे मुनाफा बढ़ा है।

यह भी पढ़े | उपभोक्ता संरक्षण विधेयक 2019 सोमवार से होगा लागू, ग्राहकों को गुमराह करना पड़ेगा महंगा, भारी-भरकम जुर्माना के साथ होगी जेल.

देश के निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक ने इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5,568.16 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बैंक ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी आय बढ़कर 34,453.28 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 32,361.84 करोड़ रुपये रही थी।

यह भी पढ़े | राहुल गांधी बोले- 10 अगस्त तक देश में होंगे कोरोना के 20 लाख से ज्यादा केस, महामारी रोकने के ठोस कदम उठाए सरकार.

मुंबई के बैंक ने कहा, ‘‘तिमाही के दौरान उसकी शुद्ध ब्याज आय 17.8 प्रतिशत बढ़कर 15,665.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 13,294.3 करोड़ रुपये थी। इस दौरान बैंक के ऋण या अग्रिम में 20.9 प्रतिशत और जमा में 24.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।’’ तिमाही के दौरान शुद्ध ब्याज मार्जिन 4.3 प्रतिशत रहा।

संपत्ति के मोर्चे पर बैंक की सकल गैर निष्पादित आस्तियां (एनपीए) 30 जून को समाप्त तिमाही में घटकर 1.36 प्रतिशत रह गईं, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1.40 प्रतिशत थीं।

मूल्य के हिसाब से बैंक का सकल एनपीए या डूबा कर्ज 13,773.46 करोड़ रुपये रहा, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 11,768.95 करोड़ रुपये था।

इसी तरह बैंक का शुद्ध एनपीए घटकर 0.33 प्रतिशत या 3,279.96 करोड़ रुपये पर आ गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 0.43 प्रतिशत या 3,567.18 करोड़ रुपये था। हालांकि, तिमाही के दौरान बैंक का डूबे कर्ज और अन्य आकस्मिक खर्च के लिए प्रावधान बढ़कर 3,891.52 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 2,613.66 करोड़ रुपये था।

एकीकृत आधार पर बैंक का शुद्ध लाभ 22 प्रतिशत बढ़कर 6,927.24 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5,676.06 करोड़ रुपये था। तिमाही में बैंक की एकीकृत आय बढ़कर 36,698.59 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो एक साल पहले 34,324.45 करोड़ रुपये रही थी।

बैंक के एकीकृत परिणाम में उसकी खुदरा ब्रोकिंग कंपनी एचडीएफसी सिक्योरिटीज लि. (एचएसएल) औरएचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज लि. (एचडीबीएफएसएल) के वित्तीय नतीजे भी शामिल हैं। एचएसए में एचडीएफसी बैंक की हिस्सेदारी 96.5 प्रतिशत तथा एचडीबीएफएसएल में 95.3 प्रतिशत है।

अजय

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\