देश की खबरें | हरियाणा पुलिस ने भारत के विभिन्न हिस्सों में 100 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा पुलिस ने हाल ही में नूंह जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ समन्वित छापेमारी करके देश भर में 100 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
चंडीगढ़, 10 मई हरियाणा पुलिस ने हाल ही में नूंह जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ समन्वित छापेमारी करके देश भर में 100 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (नूंह) वरुण सिंगला ने कहा कि ये जालसाज हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न हिस्सों के लोगों को निशाना बना चुके हैं। उनकी गिरफ्तारी से देश भर में साइबर धोखाधड़ी के करीब 28,000 मामलों का पता चला है।
सिंगला ने बताया कि 27-28 अप्रैल की दरमियानी रात को 5,000 पुलिसकर्मियों के 102 दलों ने एक साथ जिले के 14 गांवों में छापेमारी की और लगभग 125 संदिग्ध हैकरों को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 66 आरोपियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान 166 फर्जी आधार कार्ड, पांच पैन कार्ड, 128 एटीएम कार्ड, 66 मोबाइल फोन, 99 सिम कार्ड, पांच पीओएस मशीन और तीन लैपटॉप बरामद किए गए।
सिंगला ने कहा, "विश्लेषण के दौरान पता चला कि साइबर अपराधियों ने अब तक देश भर के 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 28,000 लोगों से 100 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)