देश की खबरें | गुरुवायुर मंदिर की थार की 43 लाख रुपये में नीलामी हुई

त्रिशूर (केरल), छह जून केरल के त्रिशूर में गुरुवायुर श्री कृष्ण मंदिर की महिंद्रा थार जीप के लिए सोमवार को हुई नीलामी में दुबई के एक व्यवसायी ने 43 लाख रुपये की बोली लगाकर इसे हासिल कर लिया।

पिछले साल दिसंबर में हुई नीलामी में प्रवासी भारतीय (एनआरआई) अमल मोहम्मद अली ने महज 15.10 लाख रुपये की बोली लगाई थी और वह अकेले बोली लगाने वाले थे लेकिन इसे लेकर विवाद होने के बाद नीलामी को रद्द कर दिया गया था।

इस बार, लगभग 15 लोग बोली लगाने वाले थे और थार जीप की पिछली बार की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक मूल्य पर बोली लगाई गई। गाड़ी का आधार मूल्य 15 लाख रुपये तय किया गया था।

सोमवार को नीलामी जीतने वाले दुबई के व्यवसायी विग्नेश विजय कुमार के पिता ने एक टीवी चैनल से कहा कि उनके बेटे ने अपने एजेंट से कहा था इस वाहन को किसी भी कीमत पर हासिल करना है।

विजयकुमार अपने माता-पिता के इस्तेमाल के लिए एसयूवी हासिल करना चाहते थे।

नीलामी में विजेता रहे विजय कुमार को घर ले जाने से पहले वाहन के लिए भी वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) का भुगतान करना होगा।

वाहन की फिर से नीलामी की गई क्योंकि गुरुवायुर देवस्वम में कुछ लोगों ने अली को वाहन सौंपने पर आपत्ति जताई थी।

यह मामला केरल उच्च न्यायालय तक पहुंचा था, जिसने इसे हल करने के लिए जन सुनवाई करने का सुझाव दिया था। इसके बाद जन सुनवाई में वाहन की फिर से नीलामी करने का निर्णय लिया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)