देश की खबरें | गुजरात: विसावदर, कडी विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार जोरों पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात की विसावदर और कडी विधानसभा सीट पर 19 जून को होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है।

अहमदाबाद, 11 जून गुजरात की विसावदर और कडी विधानसभा सीट पर 19 जून को होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है।

भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने नौ जून को जूनागढ़ जिले के विसावदर और 10 जून को मेहसाणा जिले के कडी में रैलियों को संबोधित किया।

गुजराज के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी, स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल, सहकारिता राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा और कृषि मंत्री राघवजी पटेल सहित कई मंत्री सत्तारूढ़ पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं।

पाटिल ने नौ जून को विसावदर में एक रैली को संबोधित करते हुए मतदाताओं से पिछले तीन चुनावों की ‘गलतियां न दोहराने’ का आग्रह किया।

इससे पहले विसावदर में कांग्रेस और ‘आप’ उम्मीदवार विजयी हुए थे।

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ने कहा, “विसावदर को विकास की जरूरत है। इस बार कोई गलती न करें, नहीं तो आने वाली पीढ़ियां हमें माफ नहीं करेंगी।”

भाजपा विशेष रूप से विसावदर सीट पर 18 वर्ष से जीत हासिल करने में नाकाम रही है। भाजपा ने यहां आखिरी बार 2007 में जीत हासिल की थी।

वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में ‘आप’ के भूपेंद्र भयानी ने भाजपा के हर्षद रिबादिया को 7,063 मतों से हराया था। हर्षद पहले कांग्रेस में थे। दिसंबर 2023 में भयानी के इस्तीफा देने और भाजपा में शामिल होने के बाद यह सीट खाली हो गई थी।

हालांकि रिबादिया और भयानी दोनों को टिकट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन सत्तारूढ़ पार्टी ने किरीट पटेल के रूप में नये चेहरे पर दांव खेला है।

इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होगा क्योंकि ‘आप’ ने गुजरात की अपनी इकाई के पूर्व अध्यक्ष गोपाल इटालिया को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने नितिन रणपरिया पर भरोसा जताया है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, राज्यसभा सदस्य मयंक नायक, मेहसाणा विधायक हरिभाई पटेल सहित भाजपा नेता कडी में घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं तथा गांवों में छोटी-छोटी रैलियां निकाल रहे हैं।

कांग्रेस भी कोई कसर नहीं छोड़ रही है और प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल, गुजरात से पार्टी के एकमात्र लोकसभा सदस्य जेनीबेन ठाकुर, विधायक जिग्नेश मेवाणी और पूर्व विधायक बलदेवजी ठाकोर निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार कर रहे हैं।

मुस्लिम आबादी के मद्देनजर अहमदाबाद के विधायक इमरान खेड़ावाला और पूर्व विधायक जी. शेख भी कांग्रेस के लिए कडी में प्रचार कर रहे हैं।

भाजपा ने कडी से राजेंद्र चावड़ा को जबकि कांग्रेस ने पूर्व विधायक रमेश चावड़ा को टिकट दिया है।

रमेश चावड़ा 2012 में जीते थे, लेकिन 2017 में भाजपा के करसनभाई सोलंकी से हार गए थे।

अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली ‘आप’ ने जगदीश चावड़ा को मैदान में उतारा है, इसलिए यहां भी मुकाबला त्रिकोणीय होगा।

मतगणना 23 जून को होगी। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 161 विधायक हैं जबकि कांग्रेस के 12 और आप के चार विधायक हैं। एक सीट समाजवादी पार्टी के पास है तथा दो सीट पर निर्दलीय विधायक है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now