देश की खबरें | गुजरात : मोदी ने पटेल को जन्मदिन की बधाई दी; राज्य के विकास के प्रयासों के लिए उनकी सराहना की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल को उनके जन्मदिन पर बधाई दी।
अहमदाबाद, 15 जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल को उनके जन्मदिन पर बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्रभाई पटेल को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। वह गुजरात के विकास को बढ़ावा देने और राज्य के युवाओं को सशक्त बनाने के लिए सराहनीय प्रयास कर रहे हैं। लोगों की सेवा में समर्पित उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’’
राज्य सरकार की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि पटेल (62) ने शहर के निकट स्थित अडालज में दादा भगवान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसे त्रिमंदिर के नाम से भी जाना जाता है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने लोगों के स्वास्थ्य, कल्याण और समृद्धि तथा राज्य के विकास के लिए प्रार्थना की।
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अहमदाबाद शहर में पटेल की घाटलोदिया विधानसभा सीट पर कई कार्यक्रम आयोजित किए।
भाजपा की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इनमें गोटा क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों द्वारा वृक्षारोपण, सोला सिविल अस्पताल में फल वितरण, वस्त्रपुर में शारीरिक रूप से विकलांग बच्चों के लिए भोज, गर्भवती महिलाओं के बीच खाद्य पदार्थों का वितरण, घाटलोडिया में स्कूली बच्चों को पुस्तकों का वितरण तथा सोला क्षेत्र स्थित सोला भागवत में महाआरती शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)