अहमदाबाद, 14 अगस्त गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने सोमवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर, देश के बंटवारे के दौरान हुई हिंसा में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री पटेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा कि भारत का विभाजन बेहद दर्दनाक घटनाक्रम था जिसने कई लोगों की जान ली।
उन्होंने कहा, “ 1947 में हमारे देश का विभाजन बेहद दर्दनाक घटनाक्रम था। बंटवारे की वजह से अनेक लोगों की जान गई जबकि कई लोग बेघर हो गए। विभाजन विभीषिक स्मृति दिवस के मौके पर, मैं विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”
गुजरात प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष गोरधन झडफिया और पार्टी के प्रदेश महासचिव (संगठन) रत्नाकर ने गांधीनगर में पार्टी मुख्यालय में एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
झडफिया ने कहा, ‘‘ हम भारतीय 15 अगस्त को स्वतंत्रता पाकर खुश हुए लेकिन विभाजन की दर्दनाक यादें आने वाले पीढ़ियों को परेशान करेंगी। भाजपा ने अपने सभी जिला कार्यालयों में इन दर्दनाक यादों पर प्रदर्शनियों का आयोजन किया है ताकि मौजूदा पीढ़ी विभाजन के दर्द को याद कर सके और उसे महसूस कर सके।”
भाजपा की अहमदाबाद नगर इकाई शाम को ‘मशाल यात्रा’ निकालेगी और विभाजन के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए शहर के शाहपुर इलाके में एक प्रदर्शनी आयोजित होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY