देश की खबरें | गुजरात: बोरवेल में गिरी 12 साल की बच्ची, बचाव अभियान में जुटी सेना

सुरेंद्रनगर (गुजरात), 29 जुलाई गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के एक गांव में शुक्रवार को 12 साल की एक बच्ची बोरवेल में गिर गई और करीब 60 फुट की गहराई में फंस गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घटना सुबह साढ़े आठ बजे गजनवाव गांव में हुई और सेना के जवानों की मदद से लड़की को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

हालांकि, सूत्रों का कहना है कि बोरवेल कुछ सौ फीट गहरा हो सकता है।

ध्रांगधरा तालुका की मामलातदार शोभना फल्दू ने कहा, ''सेना के जवान मौके पर पहुंच गए हैं और लड़की को बचाने के प्रयास जारी हैं। बच्ची प्रवासी खेतिहर मजदूरों के परिवार से ताल्लुक रखती है।''

मामलातदार नीलेश परमार ने बताया कि बचाव अभियान के लिए सेना के जवानों के अलावा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के दल को भी बुलाया गया है।

परमार ने बताया, ''सेना, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के साथ-साथ स्थानीय अधिकारियों की टीम घटनास्थल पर मौजूद हैं और हमें लड़की को बचाने में सफलता मिलने की उम्मीद है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)