देश की खबरें | तेलंगाना की राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, ओवैसी ने रावत के निधन पर दुख जताया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन, केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी, मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और भाजपा व कांग्रेस के नेताओं ने वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत और अन्य सैन्य कर्मियों के निधन पर दुख व्यक्त किया। उनका हेलीकॉप्टर तमिलनाडु में बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
हैदराबाद, आठ दिसंबर तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन, केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी, मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और भाजपा व कांग्रेस के नेताओं ने वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत और अन्य सैन्य कर्मियों के निधन पर दुख व्यक्त किया। उनका हेलीकॉप्टर तमिलनाडु में बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
रावत को श्रद्धांजलि देते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारतीय सेना के आधुनिकीकरण और इसे दुनिया में सबसे मजबूत बल में से एक के रूप में आकार देने में उनकी भूमिका और योगदान अमूल्य है।
राजभवन से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में राज्यपाल ने कहा कि उनकी संवेदनाएं सभी शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।
जनरल रावत के देश के लिए शानदार योगदान की सराहना करते हुए किशन रेड्डी ने कहा कि उनका निधन देश के लिए एक बड़ी क्षति है।
जनरल रावत की सेवाओं को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रावत और सेना के कई कर्मियों की मृत्यु ने उन्हें परेशान किया है और भीषण हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
ओवैसी ने दुर्घटना में जनरल रावत और अन्य सैन्य कर्मियों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया।
ओवैसी ने ट्वीट किया, “ मैं जनरल रावत और उनकी पत्नी के लिए दुआ करता हूं। कुन्नूर में हुए दर्दनाक हादसे में आज जिन लोगों की मृत्यु हुई है, उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। हादसे में बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के पूरी तरह से और जल्दी ठीक होने के लिए दुआ करता हूं।”
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद बी संजय कुमार ने कहा कि उन्होंने ईश्वर से मृतक के परिजनों को मानसिक शक्ति देने की प्रार्थना की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा सदस्य ए आर रेड्डी ने कहा कि उन्हें जनरल रावत से मिलने का सौभाग्य मिला था।
उन्होंने ट्वीट किया “राष्ट्र हमेशा उनकी उस बात को याद रखेगा जो एक सैनिक के पांच गुणों को परिभाषित करती है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)