देश की खबरें | जनरल बिपिन रावत के निधन पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने शोक जताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना के प्रधान रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत के निधन पर गहरा दुख जताया है।

रायपुर, आठ दिसंबर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना के प्रधान रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत के निधन पर गहरा दुख जताया है।

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बुधवार को यहां बताया कि राज्यपाल अनुसुईया उइके ने तमिलनाडु में हुए हेलिकॉप्टर हादसे में जनरल रावत, उनकी धर्मपत्नी, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, जवान, पायलट तथा अन्य सहायकों के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है तथा उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

राज्य के जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जनरल रावत के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री बघेल ने ट्वीट किया है, ''बेहद मुश्किल और दुखद समय! हेलीकॉप्टर हादसे में सीडीएस जनरल बिपिन रावत जी सहित सहयात्री के रूप में सवार हमारी सेना के जवान, उनकी धर्मपत्नी, पायलट एवं अन्य सहायकों के निधन की सूचना हम सबके लिए दुखद है। इस समय पूरा देश गमगीन है। इस कठिन समय में हम सब एक दूसरे का संबल बनें। ॐ शांति:''

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने ट्वीट कर जनरल रावत के निधन पर दुख जताया है। सिंह ने लिखा है, ''हृदय विदारक, स्तब्ध कर देने वाली खबर! सीडीएस बिपिन रावत जी उनकी पत्नी और अन्य सशस्त्र बलों के अधिकारियों के निधन से पूरा देश गमगीन है। मां भारती के सच्चे सपूतों का योगदान राष्ट्र सदैव याद रखेगा। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें।''

तमिलनाडु में कुन्नूर के समीप बुधवार को हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और अन्य लोगों की मृत्यु हो गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\