देश की खबरें | लोकसभा के पहले सत्र से पहले ‘प्रोटेम स्पीकर’ के मुद्दे पर सरकार, विपक्ष आमने-सामने
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अठारहवीं लोकसभा के पहले सत्र से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के बीच ‘प्रोटेम स्पीकर’ (अस्थायी अध्यक्ष) के मुद्दे पर तकरार तेज हो गई है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कांग्रेस पर झूठ का सहारा लेने का आरोप लगाया, वहीं विपक्षी दलों ने अध्यक्षों की सूची में शामिल होने से इंकार करने की चेतावनी दी।
नयी दिल्ली, 22 जून अठारहवीं लोकसभा के पहले सत्र से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के बीच ‘प्रोटेम स्पीकर’ (अस्थायी अध्यक्ष) के मुद्दे पर तकरार तेज हो गई है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कांग्रेस पर झूठ का सहारा लेने का आरोप लगाया, वहीं विपक्षी दलों ने अध्यक्षों की सूची में शामिल होने से इंकार करने की चेतावनी दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और सात बार के सांसद भर्तृहरि महताब को लोकसभा का ‘प्रोटेम स्पीक’र नियुक्त किया है, जिन्हें निचले सदन के नव-निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने और अध्यक्ष के चुनाव तक कर्तव्य निवर्हन का काम सौंपा गया है।
राष्ट्रपति ने लोकसभा के पांच वरिष्ठ सदस्यों -के सुरेश (कांग्रेस), टी आर बालू (द्रविड मुनेत्र कषगम), राधा मोहन सिंह और फग्गन सिंह कुलस्ते (दोनों भाजपा) और सुदीप बंदोपाध्याय (तृणमूल कांग्रेस) को भी नामित किया था, जो 24 जून से शुरू हो रहे लोकसभा सत्र के पहले तीन दिन में होने वाली प्रक्रिया में महताब की सहायता करेंगे।
कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि सरकार ने प्रक्रियाओं और परंपराओं का उल्लंघन किया है और आठ बार के सांसद सुरेश के ‘प्रोटेम स्पीकर’ के पद पर दावे की अनदेखी की है, जिसे रीजीजू ने ‘‘भ्रामक’’ बताकर खारिज कर दिया।
विपक्षी दलों के सूत्रों ने शनिवार को कहा कि सुरेश, बालू और बंदोपाध्याय लोकसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने में ‘प्रोटेम स्पीकर’ महताब की सहायता करने के लिए अध्यक्षों की सूची में शामिल नहीं हो सकते हैं।
रीजीजू ने कहा कि महताब को इसलिए चुना गया, क्योंकि निचले सदन के सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल सबसे लंबा है। रीजीजू ने कहा कि सुरेश आठ बार सांसद रहे हैं, लेकिन 1998 और 2004 में वह लोकसभा के सदस्य नहीं थे, इसलिए संसद के निचले सदन में उनका कार्यकाल निरंतर नहीं रहा।
सुरेश ने कहा था कि ‘प्रोटेम स्पीकर’ पद के लिए उनके दावे को नजरअंदाज कर दिया गया, क्योंकि वह दलित समुदाय से हैं।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस ने ‘प्रोटेम स्पीकर’ के मुद्दे पर झूठ बोलकर जानबूझकर एक ‘‘आदिवासी’’ संसदीय कार्य मंत्री का अपमान किया है।
पूनावाला ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने हमेशा आदिवासियों का अपमान किया है। उन्होंने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपत्नी कहा और उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया।’’
रीजीजू ने कहा कि वह संसदीय कार्य मंत्री का पद संभालने वाले पहले आदिवासी हो सकते हैं, लेकिन वह कांग्रेस पार्टी की धमकियों और झूठ से नहीं डरेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं नियमों से बंधा हूं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ सबका विकास के मंत्र का सख्ती से पालन करूंगा।’’
इससे पहले, कांग्रेस नेता के सी वेणुगोपाल ने ‘प्रोटेम स्पीकर’ पद के लिए सुरेश के दावे की अनदेखी को ‘‘संसदीय मानदंडों को नष्ट करने’’ का प्रयास बताया था।
शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने पहले भी कहा है और अब भी कहता हूं, हमारे लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है।’’
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी राजा ने कहा कि भाजपा को जनता से झटका मिलने के बाद भी वे देश के लिए लोकतंत्र, परामर्श, संसदीय मानदंडों और विपक्ष के महत्व को नहीं समझ पाए हैं।
राजा ने कहा, ‘‘अधिनायकवादी भाजपा एक विपक्षी सदस्य को ‘प्रोटेम स्पीकर’ के रूप में भी नहीं देख सकती है, इसलिए उसने भाजपा के एक दलबदलू सांसद को इस पद पर नियुक्त कर दिया है।’’
ओडिशा की कटक लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद महताब को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान के अनुच्छेद 95(1) के तहत ‘प्रोटेम स्पीकर’ नियुक्त किया है। वह 26 जून को लोकसभा अध्यक्ष के चुनाव तक सदन के पीठासीन अधिकारी के रूप में कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)