देश की खबरें | गोवा: पाक क्रिकेट टीम का समर्थन करने वाले एक व्यक्ति को माफी मांगने को मजबूर किया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोवा के कैलंगुट में एक वीडियो में पाकिस्तानी क्रिकेट टीम का समर्थन करते दिखने वाले एक दुकानदार को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाने के लिए मजबूर किया गया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को दी।

पणजी, 25 फरवरी गोवा के कैलंगुट में एक वीडियो में पाकिस्तानी क्रिकेट टीम का समर्थन करते दिखने वाले एक दुकानदार को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाने के लिए मजबूर किया गया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को दी।

यह वीडियो सोशल मीडिया में काफी छाया हुआ था। अधिकारी ने कहा कि कुछ लोगों के एक समूह ने बृहस्पतिवार को उस व्यक्ति को माफी मांगने और भारत के समर्थन में नारा लगाने के लिए मजबूर किया।

अधिकारी ने कहा कि इस घटना को लेकर अभी तक कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है। यह घटना एक 'ट्रैवल व्लॉगर ' की ओर से जारी बिना तिथि वाले वीडियो के चलते हुई। इस वीडियो में उत्तरी गोवा के कैलंगुट स्थित दुकान के मालिक को यह कहते हुए देखा जा सकता है कि वह पाकिस्तानी क्रिकेट टीम का समर्थन कर रहा है, क्योंकि उसका क्षेत्र एक मुस्लिम क्षेत्र है।

जब वीडियो बनाया गया था तब पाकिस्तान का मुकाबला जाहिर तौर पर न्यूजीलैंड से हो रहा था।

वीडियो में दिखाया गया है कि 'व्लॉगर' का उस व्यक्ति से संक्षिप्त बातचीत भी हुई। इसमें व्लॉगर पूछता है कि कौन खेल रहा है? क्या आप न्यूजीलैंड का समर्थन कर रहे हैं? इसके जवाब में दुकानदार जवाब देता है कि पाकिस्तान का समर्थन कर रहा हूं। व्लॉगर ने उससे फिर पूछा कि ऐसा क्यों? इस पर उसने जवाब दिया कि उसका क्षेत्र एक मुस्लिम क्षेत्र है।

दुकानदार को माफी मांगने के लिए मजबूर करने वाले समूह का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में समूह के एक सदस्य को दुकानदार से यह कहते हुए दिखाया गया है कि, ‘‘यह पूरा गांव कैलंगुट है, न कोई मुस्लिम गली है और न कोई दूसरी गली। देश को धर्म के आधार पर मत बांटो।’’

वीडियो में दिखाया गया है कि इसके बाद समूह ने दुकानदार को घुटने टेकने और देशवासियों से माफी मांगने के लिए कहा। इस वीडियो में दुकानदार को घुटने टेककर और कान पकड़कर माफी मांगते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में दिखाया गया है कि समूह उससे ‘भारत माता की जय’ का नारा लगवा रहा है।

कैलंगुट के सरपंच जोसेफ सेकेरा ने घटना की पुष्टि की है, मगर पंचायत या किसी अन्य अधिकारी के पास कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\