देश की खबरें | देश की उत्कृष्ट सेवा के लिए जनरल रावत को हमेशा याद रखा जाएगा: उपराष्ट्रपति नायडू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और अन्य 11 सैन्यकर्मियों की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत पर बुधवार को शोक जताया और कहा कि उन्हें देश की उत्कृष्ट सेवा के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
नयी दिल्ली, आठ दिसंबर उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और अन्य 11 सैन्यकर्मियों की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत पर बुधवार को शोक जताया और कहा कि उन्हें देश की उत्कृष्ट सेवा के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
उपराष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी सिलसिलेवार ट्वीट में नायडू ने कहा, ‘‘प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारियों व अन्य की तमिलनाडु में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में दुखद मौत से गहरा सदमा लगा है।’’
नायडू ने कहा कि उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर बात की और दुख प्रकट किया। उन्होंने इस दुर्घटना में मारे गए सभी लोगों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं जतायीं।
नायडू ने कहा, ‘‘सामरिक दूरदृष्टि और उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए विख्यात जनरल रावत ने हमारी रक्षा क्षमताओं को मजबूती प्रदान की और राष्ट्रीय सुरक्षा को सशक्त बनाने में अहम योगदान दिया। देश की उत्कृष्ट सेवा के लिए उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा।’’
उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु के कुन्नूर के पास भारतीय वायु सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हेलीकॉप्टर में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और कई अन्य सैन्य अधिकारी सवार थे।
बाद में भारतीय वायुसेना ने पुष्टि की कि जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और 11 अन्य लोगों की इस हादसे में मृत्यु हो गई है।
ब्रजेन्द्र माधव राजेश
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)