देश की खबरें | गहलोत ने नेहरू संग्रहालय का नाम बदलने को 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नयी दिल्ली स्थित नेहरू स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय (एनएमएमएल) का नाम बदलकर प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय (पीएमएमएल) सोसायटी किए जाने को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधा और इस कदम को 'दुर्भाग्यपूर्ण' करार दिया।

जयपुर, 17 अगस्त मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नयी दिल्ली स्थित नेहरू स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय (एनएमएमएल) का नाम बदलकर प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय (पीएमएमएल) सोसायटी किए जाने को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधा और इस कदम को 'दुर्भाग्यपूर्ण' करार दिया।

गहलोत ने सोशल मीडिया मंच 'एक्‍स' पर लिखा,‘‘केंद्र की राजग सरकार अपने पूर्ववर्ती प्रधानमंत्रियों द्वारा किए गए कार्यों का नाम बदलने के लिए किस स्तर तक जाएगी यह समझ के परे है। यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।’’

गहलोत ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के कामों का जिक्र करते हुए लिखा,‘‘ किसी भी प्रधानमंत्री को तो गर्व होना चाहिए कि इस देश को पंडित जवाहरलाल नेहरू जी जैसे पहले प्रधानमंत्री मिले जिन्होंने 17 साल के कार्यकाल में मजबूत भारत की आधारशिला रखी और आईआईटी, आईआईएम, बीएआरसी, भेल, योजना आयोग, भाखड़ा नांगल बांध, नागार्जुन सागर बांध और कई अन्य परियोजनाओं के अलावा कई अग्रणी संस्थान दिये जिनकी भारत के विकास में अहम भूमिका है। गुट निरपेक्ष आंदोलन (एनएएम) और पंचशील के सिद्धांत पंडित नेहरू की देन हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समझ से परे है कि ऐसे महान व्यक्ति जिस घर में 16 साल रहे, जिस जगह की पहचान ‘नेहरू स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय’ के रूप में है, उसका नाम बदलकर ‘प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय’ कर वे क्या हासिल करना चाहते हैं?

उल्लेखनीय है कि एनएमएमएल का नाम बदले जाने के निर्णय के कुछ सप्ताह बाद सरकार ने औपचारिक रूप से बुधवार को इसका नाम प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसायटी कर दिया।

पहले यह पूरी तरह से देश के प्रथम प्रधानमंत्री को समर्पित था, लेकिन सरकार ने अन्य सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों को इसमें प्रमुखता से स्थान देने के लिए इसका नाम बदलने का निर्णय लिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\