देश की खबरें | पंजाब के लुधियाना में गैस रिसाव से 11 लोगों की मौत : पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब में लुधियाना जिले के ग्यासपुरा इलाके में रविवार को गैस रिसाव की घटना में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग बीमार पड़ गए।
लुधियाना (पंजाब), 30 अप्रैल पंजाब में लुधियाना जिले के ग्यासपुरा इलाके में रविवार को गैस रिसाव की घटना में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग बीमार पड़ गए।
पुलिस ने बताया कि बीमार लोगों का एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किस गैस का रिसाव हुआ और इसका क्या कारण था, यह फिलहाल पता नहीं लगाया जा सका है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और वहां राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एक दमकल वाहन और एक एम्बुलेंस को तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 50 सदस्यीय एक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों में पांच महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं। उन्होंने बताया कि घटना में जान गंवाने वाले 11 लोगों में 10 और 13 साल के दो लड़के भी शामिल हैं।
एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने बताया कि अभी यह पता नहीं चला है कि इन लोगों की मौत किस वजह से हुई। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘पहले हम इसकी जांच करेंगे, फिर आपको जानकारी देंगे।’’
जिला प्रशासन के एक अधिकारी के अनुसार, घटनास्थल पर पहुंची एनडीआरएफ टीम यह पता लगाएगी कि किस गैस का रिसाव हुआ और इसका स्रोत एवं कारण क्या था।
उन्होंने कहा कि चूंकि, यह बेहद घनी आबादी वाला इलाका है, इसलिए तत्काल प्राथमिकता लोगों को वहां से सुरक्षित निकालना थी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घटना को बेहद दर्दनाक बताते हुए कहा कि हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में गैस रिसाव की घटना बेहद दर्दनाक है। पुलिस, जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद हैं। हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)