देश की खबरें | हिमाचल के बागबान परेशान, सेब की पेटियां एक तिहाई दाम में बिक रहीं : प्रियंका गांधी

नयी दिल्ली, छह सितंबर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में अडाणी समूह द्वारा सेब की खरीद का मूल्य जारी किए जाने के कारण सेब की पेटियां पहले के मुकाबले एक तिहाई कम दाम में बिक रही हैं जिससे बागबान परेशान हैं।

उन्होंने यह सवाल भी किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस ‘लूट’ को रोकने के लिए कुछ कर क्यों नहीं रहे हैं?

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आपदा के इस कठिन दौर में जहां हिमाचल प्रदेश के बाग़बानों पर पहले से ही परेशानियों का पहाड़ टूट रहा था, प्रधानमंत्री जी के मित्र अडानी उनकी परेशानियों को क्यों बढ़ा रहे हैं?’’

प्रियंका गांधी ने कहा कि खबरों के मुताबिक़ अडाणी द्वारा खरीद के दाम जारी करने के बाद सेब की पेटियां पहले के मुकाबले एक तिहाई कम दाम में बिक रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आपदा के समय ऐसा करना शर्मनाक है। जहां हिमाचल प्रदेश के किसानों और बाग़बानों को मदद की ज़रूरत है, वहां उन्हें तोड़ा जा रहा है ।’’

कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि प्रधानमंत्री जी इस लूट को रोकने के लिए कुछ कर क्यों नहीं रहे?’

अडाणी समूह की इस मामले पर अभी प्रतिक्रिया नहीं आई है।

हिमाचल प्रदेश में हाल के दिनों में भारी बारिश के कारण जानमाल का बहुत नुकसान हुआ है।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)