जरुरी जानकारी | फॉक्सकॉन ने मोबाइल उपकरण बनाने का कारखाना लगाने के लिए तमिलनाडु के साथ किया समझौता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन ने कांचीपुरम में मोबाइल उपकरण बनाने का कारखाना लगाने के लिए तमिलनाडु सरकार के साथ एक आशय पत्र (एलओआई) पर सोमवार को हस्ताक्षर किए।
चेन्नई, 31 जुलाई ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन ने कांचीपुरम में मोबाइल उपकरण बनाने का कारखाना लगाने के लिए तमिलनाडु सरकार के साथ एक आशय पत्र (एलओआई) पर सोमवार को हस्ताक्षर किए।
कुल 1,600 करोड़ रुपये की लागत से इसकी स्थापना की जाएगी और इससे 6,000 नौकरियों का सृजन होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री एम. के स्टालिन ने ट्वीट किया कि उनकी मौजूदगी में राज्य सरकार और फॉक्सकॉन समूह के बीच आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। इस दौरान फॉक्सकॉन समूह का प्रतिनिधित्व यंग लियू ने किया।
राज्य के उद्योग मंत्री टीआरबी राजा, मुख्य सचिव शिव दास मीना और कई वरिष्ठ अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘ फॉक्सकॉन समूह के चेयरमैन यंग लियू और उनके दल से मिलकर खुशी हुई। तमिलनाडु में निवेश के विभिन्न अवसरों पर चर्चा की गई। कांचीपुरम जिले में 1600 करोड़ रुपये का मोबाइल उपकरण बनाने का कारखाना लगाने के लिए निवेश के समझौते पर मेरी उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए, जिससे 6000 लोगों के लिए रोजगार मिलने की संभावना है।’’
राज्य के उद्योग मंत्री राजा ने इसे ‘तमिलनाडु के लिए गौरव से भरा एक क्षण’ करार दिया।
मंत्री ने कहा, ‘‘ फॉक्सकॉन का लगातार तमिलनाडु में निवेश करना और परियोजनाओं का विस्तार करना दर्शाता है कि दुनिया भर की प्रमुख कंपनियों के लिए भारत में विनिर्माण के वास्ते राज्य प्रमुख पसंद है। यह राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)