देश की खबरें | ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन सोसाइटी की लिफ्ट गिरने से चार श्रमिकों की मौत

नोएडा, 15 सितंबर ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) में एक निर्माणाधीन आवासीय सोसाइटी की लिफ्ट के शुक्रवार को टूटकर गिर जाने से चार श्रमिकों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने एक बयान में बताया कि पांच घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि यह घटना ‘आम्रपाली ड्रीम वैली’ सोसायटी के निर्माणाधीन स्थल पर सुबह लगभग साढ़े आठ बजे घटी।

लंबे समय से अटकी इस परियोजना को सरकारी कंपनी राष्ट्रीय भवन निर्माण निगम (एनबीसीसी) द्वारा पूरा किया जा रहा है।

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, लिफ्ट के जरिये मजदूर भूतल से जा रहे थे कि इसी दौरान लिफ्ट 14वीं मंजिल से गिर गई।

गौतमबुद्ध नगर जिले के जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने बताया कि हादसे में चार श्रमिकों की मौत हो गई और इस हादसे में घायल हुए पांच अन्य श्रमिक अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर है।

वर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

वर्मा ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘हम कानून और श्रम संहिता के दिशानिर्देशों के अनुसार पीड़ितों के लिए वित्तीय मुआवजे की सिफारिश करेंगे। फिलहाल मामले की जांच जारी है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)