देश की खबरें | पंजाब में गोलीबारी में चार लोग घायल

फगवाड़ा (पंजाब), 10 अक्टूबर पंजाब में फगवाड़ा-होशियारपुर रोड के निकट एक गांव में मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए छह अज्ञात व्यक्तियों ने गोलीबारी की, जिसकी वजह से चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

फगवाड़ा की उप-संभागीय पुलिस अधीक्षक रूपिंदर कौर भट्टी ने कहा कि घायलों सतपाल उर्फ बिट्टू (42), जशनप्रीत (19), बूटा राम (55) और सुरिंदरपाल उर्फ शिंदा (45) का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।

अधिकारी ने बताया कि पीड़ित बुधवार रात गांव में एक खुले स्थान पर बैठे थे, तभी दो दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह हमलावरों ने उनपर गोली चला दी।

उन्होंने कहा कि पुलिस को घटनास्थल से 12 खाली खोखे मिले हैं।

भट्टी ने बताया कि घायलों को फगवाड़ा में सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से बिट्टू और जशनप्रीत को जालंधर के अस्पताल भेज दिया गया है।

भट्टी ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)