उत्तरकाशी, दो अक्टूबर उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के नौगांव क्षेत्र में बहू को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने सोमवार को उसकी ससुराल पक्ष के चार व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया ।
पुलिस से यहां मिली जानकारी के अनुसार, मुंगरा गांव में युवती से दहेज की मांग को लेकर गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार होने वालों में उसका पति डॉ रवि परमार, ससुर त्रेपन सिंह परमार, सास सरोजनी उर्फ सरोज और देवर सुबोध परमार शामिल हैं ।
युवती के परिजनों ने रविवार को पुलिस को इस संबंध में तहरीर दी थी जिस पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती 2019 में प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी के दौरान देहरादून गयी थी और इसी दौरान उसकी सोशल मीडिया पर पुरोला में डेंटल क्लीनिक चलाने वाले मुंगरा गांव निवासी रवि परमार से मुलाकात हुई ।
नजदीकियां बढ़ने के बाद दोनों ने दिसंबर 2020 में देहरादून के एक मंदिर में शादी कर ली जिसके बाद से रवि का युवती के कमरे में आना-जाना होने लगा और दोनों पति-पत्नी के रुप में रहने लगे ।
कुछ समय बाद रवि ने लड़की से बातचीत करनी बंद कर दी जिस पर युवती पुरोला पहुंची जहां रवि ने उससे शादी की बात से इन्कार कर दिया । इस बीच, यह बात युवती के परिजनों को भी पता चल गयी जिसके बाद पुलिस की मध्यस्थता से दोनों पक्षों में समझौता हो गया और मार्च 2023 में बडकोट के उपजिलाधिकारी की अदालत में शादी के लिए आवेदन किया गया।
इसके बाद युवती रवि के साथ नौगांव में एक होटल में रहने लगी । कुछ दिन बाद दोनों उनके पैतृक गांव मुंगरा चले गये जहां युवती का उत्पीड़न किया गया ।
वहीं, मुंगरा गांव के लोगों ने गांव की छवि धूमिल करने के आरोप में आरोपी परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। इसके लिए गांव वालों ने रविवार को बैठक आयोजित कर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY