देश की खबरें | पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन चरण सेठी का निधन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन चरण सेठी का सोमवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
भुवनेश्वर, आठ जून पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन चरण सेठी का सोमवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
वह 79 साल के थे।
सूत्रों के अनुसार सेठी को रविवार रात एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
भद्रक लोकसभा क्षेत्र से आठ बार सांसद रहे सेठी केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी नीत राजग सरकार में 2000 से लेकर 2004 तक जल संसाधन मंत्री थे।
युवावस्था से ही सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सक्रिय मृदुभाषी सेठी दो बार ओडिशा विधानसभा के लिए भी निर्वाचित हुए थे।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सेठी के निधन पर दुख प्रकट किया और उन्हें अनुभवी सांसद एवं योग्य प्रशासक बताया।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सांसद और विधायक रहने के दौरान सेठी ने अपनी समर्पित सेवा और लगनशीलता से लोगों का विश्वास जीता। उनके निधन से ओडिशा ने ऊंचे कद का एक नेता खो दिया है।
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं इस्पात मंत्री धमेंद्र प्रधान ने कहा कि सेठी के निधन से राज्य की राजनीति में एक रिक्तता पैदा हो गयी है।
ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रदीप्त कुमार नाईक और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समीर मोहंती ने कहा कि सेठी के निधन से एक ऐसी रिक्तता पैदा हुई है जिसे भर पाना कठिन है।
अठारह सितंबर, 1941 को पैदा हुए सेठी 1971 और 1980 में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में भद्रक से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। वह 1991 में जनता दल से उसी निर्वाचन क्षेत्र से चुने गये। वह 1998, 1999, 2004 और 2009 में बीजू जनता दल के टिकट पर इस सीट से जीते।
2019 के लोकसभा चुनाव और ओडिशा विधानसभा चुनाव से पहले वह अपने बेटे अभिमन्यु के साथ भाजपा में शामिल हो गये थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)