खेल की खबरें | हॉकी के पूर्व दिग्गज माइकल किंडो का निधन

राउरकेला, 31 दिसंबर भारत की 1975 की हॉकी विश्व कप विजेता टीम और 1972 ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता टीम के सदस्य रहे माइकल किंडो का उम्र संबंधी बीमारियों के कारण गुरुवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया।

वह 73 साल के थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं।

पारिवारिक सूत्रों ने कहा, ‘‘माइकल किंडो का उम्र संबंधी समस्याओं के कारण यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले काफी समय से बीमारी के कारण चल फिर नहीं पा रहे थे और अवसादग्रस्त भी थे। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा क्योंकि उनकी बेटियां तभी यहां पहुंच पाएंगी।

हॉकी इंडिया ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

किंडो फुलबैक थे और 1975 में कुआलालम्पुर में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य थे।

वह उस टीम के भी सदस्य थे जिसने म्यूनिख ओलंपिक 1972 में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने उन खेलों में तीन गोल किये थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)