देश की खबरें | बम की धमकी के बाद कोलकाता हवाई अड्डे पर विमान को जांच के लिए अलग ले जाया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. निजी विमानन कंपनी के विमान को एक यात्री के पास बम होने का संदेह होने के बाद मंगलवार दोपहर गहन सुरक्षा जांच के लिए कोलकाता हवाई अड्डे के अलग-थलग स्थान में ले जाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कोलकाता, 13 मई निजी विमानन कंपनी के विमान को एक यात्री के पास बम होने का संदेह होने के बाद मंगलवार दोपहर गहन सुरक्षा जांच के लिए कोलकाता हवाई अड्डे के अलग-थलग स्थान में ले जाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक अधिकारी ने बताया कि यात्री को तब हिरासत में लिया गया जब उसने विमानन कंपनी के सुरक्षा अधिकारी से कहा कि उसके पास बम है।

उन्होंने बताया कि इंफाल से मुंबई की यात्रा कर रहे 26 वर्षीय यात्री ने कोलकाता में सीढ़ी पर जांच के दौरान यह टिप्पणी की। सीढ़ी पर जांच द्वितीय स्तर की सुरक्षा प्रक्रिया है, जिसके तहत विमानन कर्मचारी विमान में सवार होने से ठीक पहले यात्रियों और उनके सामान की तलाशी लेते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यात्री के दावे को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई तथा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू की गई।’’

यात्री इंडिगो की उड़ान से कोलकाता पहुंचा था और उसे उसी विमानन कंपनी की दूसरी उड़ान से मुंबई जाना था। अधिकारी ने बताया कि कुल 186 यात्री कोलकाता से मुंबई जाने वाली उड़ान में सवार होने वाले थे। इनमें से 179 पहले ही विमान में सवार हो चुके थे।

उन्होंने बताया कि विमान को दोपहर 1.30 बजे मुंबई के लिए रवाना होना था, लेकिन इसमें देरी हो गई, क्योंकि विमान को खाली कराकर गहन जांच के लिए अलग स्थान पर ले जाया गया।

विमानन कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘कोलकाता से मुंबई जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई 5227 को रवाना होने से पहले बम की धमकी मिली। सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार, विमान को कोलकाता हवाई अड्डे के अलग स्थान पर ले जाया गया। सभी आवश्यक जांच की गई और मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया गया।’’

भारत-पाकिस्तान सैन्य टकराव के बाद देश के सभी हवाई अड्डों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now