देश की खबरें | विधान परिषद के लिए निर्वाचित पांच सदस्यों ने शपथ ग्रहण किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित पांच सदस्यों को सभापति ने मंगलवार को विधान परिषद सदस्यता की शपथ दिलायी।
लखनऊ, 14 फरवरी उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित पांच सदस्यों को सभापति ने मंगलवार को विधान परिषद सदस्यता की शपथ दिलायी।
विधान परिषद के प्रमुख सचिव डॉक्टर राजेश सिंह ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने यहां राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन हाल में गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक क्षेत्र से निर्वाचित देवेन्द्र प्रताप सिंह, कानपुर खंड स्नातक के अरुण पाठक, बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक के चिकित्सक जयपाल सिंह व्यस्त, इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक क्षेत्र के डॉक्टर बाबूलाल तिवारी और कानपुर खंड शिक्षक क्षेत्र के राज बहादुर सिंह चंदेल को विधान परिषद सदस्यता की शपथ दिलायी।
इनमें चंदेल निर्दलीय उम्मीदवार थे जबकि अन्य चार भारतीय जनता पार्टी से निर्वाचित हुए।
विधान परिषद की पांच सीट के लिए हुए चुनाव के नतीजे तीन फरवरी को घोषित किए गए जिनमें से चार सीट सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खाते में गई है, जबकि एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है।
विधान परिषद के तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान 30 जनवरी को हुआ था और मतगणना दो फरवरी को शुरू हुई और शुक्रवार को संपन्न हुई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)