इम्फाल, नौ अगस्त सरकार और जनजातीय छात्रों के तीन निकायों के बीच एक समझौता पर हस्ताक्षर होने के बाद ऑल ट्राइबल स्टूडेंट्स यूनियन मणिपुर (एटीएसयूएम) के सभी पांच नेताओं को रिहा कर दिया गया है जो न्यायिक हिरासत में थे। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही राज्य में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को तत्काल प्रभाव से बहाल कर दिया गया है। सरकार ने “तनावपूर्ण सांप्रदायिक स्थिति और कानून व्यवस्था’’ का हवाला देते हुए शनिवार देर शाम मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया था।
अधिकारियों ने बताया कि इम्फाल पश्चिम के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा एक आदेश जारी करने के बाद एटीएसयूएम नेताओं को सोमवार देर रात सजीवा जेल से रिहा कर दिया गया।
इन नेताओं को एक सप्ताह पहले राज्य में आर्थिक नाकेबंदी की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सोमवार की शाम एटीएसयूएम, ऑल नगा स्टूडेंट एसोसिएशन और कुकी स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन के प्रतिनिधियों ने सरकार के साथ तीन सूत्री समझौता पर हस्ताक्षर किए।
सरकार की ओर से राज्य के जनजातीय मामलों के मंत्री लेतपाओ हाओकिप और
हिल्स एरिया कमेटी के अध्यक्ष डी गंगमेई ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY