देश की खबरें | डाक मतपत्रों से कथित छेड़छाड़ के मामले में सेना के पांच जवान चिन्हित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड पुलिस ने रविवार को पिथौरागढ़ जिले में सेना की एक यूनिट में डाक मतपत्रों से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने वाले कुमांउ रेजीमेंट के पांच जवानों को चिन्हित किया है।
पिथौरागढ़ (उत्तराखंड), 27 फरवरी उत्तराखंड पुलिस ने रविवार को पिथौरागढ़ जिले में सेना की एक यूनिट में डाक मतपत्रों से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने वाले कुमांउ रेजीमेंट के पांच जवानों को चिन्हित किया है।
पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने बताया कि कुमांउ रेजीमेंट के पांच जवानों को पिछले दिनों वायरल हुए उस वीडियो के संबंध में चिन्हित किया गया है जिसमें कथित तौर पर सेना की वर्दी पहने एक व्यक्ति एक के बाद एक कई डाक मतपत्रों पर निशान लगाते और दस्तखत करते देखा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि चिन्हित किए गए पांच जवानों में से चार वीडियो क्लिप में नजर आ रहे हैं, जबकि पांचवां वह है जिसे यह वीडियो सबसे पहले भेजा गया।
सिंह ने कहा कि सभी जवानों को एक सप्ताह के भीतर पुलिस के सामने पेश होने को कहा गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अगर उन्होंने डाक मतपत्र नष्ट कर दिए हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी लेकिन अगर मतपत्र मिल जाएंगे तो उन्हें जब्त कर लिया जाएगा।
कांग्रेस महासचिव हरीश रावत द्वारा ट्विटर पर एक वीडियो साझा किए जाने के बाद पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में डाक मतपत्रों से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है।
बाद में, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या से मिलकर चुनाव आयोग से इस संबंध में औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जांच का आग्रह किया था।
इस बीच, मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने वाले डीडीहाट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप पाल ने दोषियों के खिलाफ भारतीय सेना की छवि को धूमिल करने के लिए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)