देश की खबरें | सूडान से 278 भारतीय नागरिकों के पहले जत्थे को नौसेना के जहाज से निकाला गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत ने मंगलवार को हिंसाग्रस्त सूडान से अपने 278 नागरिकों के पहले जत्थे को नौसेना के जहाज आईएनएस सुमेधा के जरिये निकाल लिया और वहां फंसे शेष भारतीयों के लिए जरूरी राहत सामग्री पहुंचायी।

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल भारत ने मंगलवार को हिंसाग्रस्त सूडान से अपने 278 नागरिकों के पहले जत्थे को नौसेना के जहाज आईएनएस सुमेधा के जरिये निकाल लिया और वहां फंसे शेष भारतीयों के लिए जरूरी राहत सामग्री पहुंचायी।

वहीं, अधिकारियों ने बताया कि भारतीय नौसेना का दूसरा जहाज आईएनएस तेग भारतीयों को सूडान से निकालने के मिशन ‘ऑपरेशन कावेरी’ के तहत वहां के बंदरगाह पर पहुंच गया है, ताकि और भारतीय नागरिकों को बाहर निकाला जा सके। ज्ञात हो कि सूडान में करीब 3000 भारतीयों को निकालने के लिए अभियान शुरू किया गया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, ‘‘ऑपरेशन कावेरी के तहत सूडान में फंसे भारतीयों का पहला जत्था रवाना हो गया। आईएनएस सुमेधा पर सवार होकर 278 लोग सूडान के बंदरगाह से जेद्दा के लिए रवाना हुए।’’

बहरहाल, विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन निकासी अभियान पर नजर रखने के लिए जेद्दा पहुंच गए हैं।

एक अन्य ट्वीट में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बागची ने बताया कि सूडान से निकासी अभियान में भारतीय नौसेना का एक और जहाज आईएनएस तेग शामिल हो गया है।

बागची ने कहा, ‘‘ आईएनएस तेग सूडान के बंदरगाह पर पहुंच गया है। इसमें और अधिकारी तथा वहां फंसे भारतीयों के लिए राहत सामग्री है। इससे सूडान के बंदरगाह पर दूतावास के कैम्प कार्यालय द्वारा किये जा रहे निकासी प्रयासों को बल मिलेगा।’’

गौरतलब है कि भारत ने हिंसाग्रस्त सूडान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए सोमवार को ‘‘ऑपरेशन कावेरी’’ शुरू किया।

सूडान में सेना और अर्द्धसैनिक समूह के बीच सत्ता हासिल करने के लिए भीषण संघर्ष जारी है। इस भीषण लड़ाई में पिछले 12 दिनों से जारी भीषण लड़ाई में 400 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।

वहीं, सूडान में दोनों पक्षों के 72 घंटे के संघर्ष विराम पर सहमत होने के बाद भारत ने वहां फंसे अपने नागरिकों को बाहर निकालने के प्रयास तेज कर दिये हैं।

विदेश राज्य मंत्री मुरलीधरन ने निकासी अभियान के बारे में कहा कि सूडान के बंदरगाह और जेद्दा में जरूरी आधारभूत ढांचा तैयार किया गया है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ सऊदी अरब के जेद्दा में आने के बाद ऑपरेशन कावेरी की टीम में शामिल हुआ, सूडान से भारतीयों को निकालने की व्यवस्था के लिए स्थापित नियंत्रण कक्ष गया।’’

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को कहा था कि सूडान में फंसे हमारे नागरिकों को वापस लाने के लिए ऑपरेशन कावेरी शुरू हो गया है। भारतीय जहाज और विमान भारतीयों को स्वदेश लाने के लिये तैयार हैं।

ज्ञात हो कि रविवार को भारत ने कहा था कि हिंसा प्रभावित सूडान में फंसे भारतीयों को इस अफ्रीकी देश से सुरक्षित रूप से निकालने की अपनी आकस्मिक योजना के तहत जेद्दा में दो सी-130जे सैन्य परिवहन विमान उड़ान भरने के लिए तैयार रखे गए हैं। साथ ही, भारतीय नौसेना के एक जहाज आईएनएस सुमेधा को क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बंदरगाह पर रखा गया था।

शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूडान से 3000 से अधिक भारतीयों को सुरक्षित रूप से निकालने की आकस्मिक योजनाओं की तैयारी के निर्देश दिये थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Australia vs Zimbabwe, T20 World Cup 2026 19th Match Live Score Update: कोलंबो में ऑस्ट्रेलिया बनाम जिम्बाब्वे के बीच खेला जा रहा हैं रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Australia vs Zimbabwe, T20 World Cup 2026 19th Match Live Toss And Scorecard: कोलंबो में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ट्रेविस हेड ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड

Australia vs Zimbabwe, T20 World Cup 2026 19th Match Prediction: हाईवोल्टेज मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज करना चाहेगी जिम्बाब्वे, मैच से पहले जानें कौनसी टीम मार सकती हैं बाजी

Bangladesh Election Result 2026 LIVE: बांग्लादेश चुनाव 2026 बीएनपी को प्रचंड बहुमत, तारिक रहमान प्रधानमंत्री बनने को तैयार; जमात-ए-इस्लामी को बड़ा झटका

\