जरुरी जानकारी | फियो ने महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए ‘शी ट्रेड्स इंडिया’ केंद्र किया शुरू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. निर्यातकों के शीर्ष निकाय फियो ने महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने और देश के निर्यात परिवेश को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘शी ट्रेड्स इंडिया’ केंद्र की मंगलवार को शुरुआत की।

नयी दिल्ली, 11 मार्च निर्यातकों के शीर्ष निकाय फियो ने महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने और देश के निर्यात परिवेश को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘शी ट्रेड्स इंडिया’ केंद्र की मंगलवार को शुरुआत की।

फियो ने कहा कि ‘शी ट्रेड्स इंडिया’ केंद्र पूरे देश में महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों के लिए एक व्यापक संसाधन केंद्र के रूप में काम करेगा। यह क्षमता निर्माण कार्यशालाओं, परामर्श सुविधा और कारोबार की जरूरत के अनुसार कार्यक्रम की पेशकश करेगा।

इन सेवाओं का उद्देश्य महिला उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों, वित्त और व्यवसाय विकास के अवसरों तक पहुंचने में सहायता करना है, ताकि संसाधनों और बाजारों तक सीमित पहुंच जैसी चुनौतियों का समाधान हो सके।

इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में विदेश व्यापार महानिदेशक संतोष कुमार सारंगी ने कहा, ‘‘सरकार समावेशी व्यापार परिवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आर्थिक वृद्धि को गति देने में महिला उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका बतायी और उम्मीद जतायी कि ‘शी ट्रेड्स इंडिया’ केंद्र वैश्विक व्यापार में महिला-नेतृत्व वाले कारोबार को एकीकृत करने के लिए उत्प्रेरक का काम करेगा।’’

उन्होंने यह भी कहा कि फियो और आईटीसी को इस पहल के माध्यम से तीन लाख महिला उद्यमियों को जोड़ने पर गौर करना चाहिए।

फियो के अध्यक्ष (कार्यवाहक) अश्विनी कुमार ने कहा कि ‘‘शीट्रेड्स इंडिया केंद्र भारत के व्यापार परिवेश के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है। यह पहल न केवल महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने की दिशा में एक कदम है, बल्कि वैश्विक बाजारों में उनकी अप्रयुक्त क्षमता का उपयोग करने के लिए एक रणनीतिक कदम भी है।’’

इस केंद्र की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय व्यापार केंद्र (आईटीसी) के सहयोग और ब्रिटेन सरकार के शी ट्रेड्स कॉमनवेल्थ+ कार्यक्रम के वित्तपोषण के जरिये हुआ है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now