धौलपुर (राजस्थान), 28 अप्रैल धौलपुर की स्थानीय अदालत परिसर में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े अज्ञात हमलावर ने एक व्यक्ति पर गोली चला दी जिसमें वह गंभीर रूप ये घायल हो गया।
घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वारदात की सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस अदालत परिसर पहुंचे और जिला एवं सत्र न्यायाधीश के साथ में हालात एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
टोगस ने बताया कि जिस व्यक्ति को निशाना बनाकर गोली चलायी गई थी उससे पूछताछ की जा रही है और शुरुआती जांच में यह मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के आधार पर हमलावर को चिन्हित कर लिया गया है और उसके गिरफ्तारी के लिए दलों का गठन किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि भविष्य में ऐसी कोई घटना ना हो यह सुनिश्चित करने के लिए अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए वहां अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश के साथ अदालत परिसर का दौरा कर स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां अवरोधक लगाकर पुलिस तैनात की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, धौलपुर अदालत परिसर में बृहस्पतिवार को सामान्य कामकाज के दौरान एक अज्ञात हमलावर ने देसी तमंचे से चाय की दुकान के पास खड़े एक व्यक्ति को निशाना बनाकर गोली चलायी, लेकिन गोली वहां बैठे 35 वर्षीय कमल सिंह को लगी।
घटना के बाद पुलिस ने शहर में नाकाबंदी की, लेकिन हमलावर भागने में सफल रहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY