देश की खबरें | एफआईएच ने सीओए से हॉकी इंडिया के जल्द से जल्द चुनाव कराने को कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विश्व हॉकी की सर्वोच्च संस्था (एफआईएच) ने अगले साल होने वाले विश्व कप की भारत की मेजबानी बरकरार रखने लिये बुधवार को अदालत से नियुक्त प्रशासकों की समिति (सीओए) से नये संविधान को अपनाने और हाकी इंडिया के चुनाव कराने के लिये ‘‘समयसीमा’’ तय करने को कहा।
नयी दिल्ली, 20 जुलाई विश्व हॉकी की सर्वोच्च संस्था (एफआईएच) ने अगले साल होने वाले विश्व कप की भारत की मेजबानी बरकरार रखने लिये बुधवार को अदालत से नियुक्त प्रशासकों की समिति (सीओए) से नये संविधान को अपनाने और हाकी इंडिया के चुनाव कराने के लिये ‘‘समयसीमा’’ तय करने को कहा।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने सीओए को पत्र लिखकर नये संविधान का मसौदा तैयार करने और चुनाव कराने को कहा। एफआईएच ने कहा कि इसमें और देरी से भुवनेश्वर और राउरकेला में अगले साल 13 से 29 जनवरी तक होने वाले विश्व कप की मेजबानी खतरे में पड़ सकती है।
एफआईएच के मुख्य कार्यकारी अधिकारी थियरी वील ने हॉकी इंडिया सीओए को भेजे गये पत्र में कहा, ‘‘एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 की भारत की मेजबानी सुनिश्चित करने के लिये संविधान को अपनाने और साथ ही हॉकी इंडिया के कार्यकारी बोर्ड के चुनाव करवाने के संबंध में हम आपसे विस्तृत समयसीमा उपलब्ध कराने के लिये कहते हैं।’’
इस पत्र की एक प्रति पीटीआई के पास है।
वील ने इस पर भी चिंता जताई कि सीओए विश्व संस्था के 17 जुलाई को भेजे गये पत्र का जवाब नहीं दे रहे हैं जिसमें इन मसलों पर जवाब मांगा गया था।
वील ने बुधवार को भेजे गये पत्र में कहा, ‘‘हम फिर से दोहरा रहे हैं कि चुनाव जल्द से जल्द होने चाहिए ताकि हॉकी इंडिया के नवनिर्वाचित कार्यकारी बोर्ड को एफआईएच हॉकी पुरुष विश्व कप के सुचारू रूप से आयोजन के लिये पर्याप्त समय मिल सके।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आपने हमारे पिछले सप्ताह के पत्र का कोई जवाब नहीं दिया जिससे आगामी विश्व कप की मेजबानी के संबंध में हॉकी इंडिया की क्षमता को लेकर हमें चिंता हो गयी है। विश्व कप हमारे लिये बेहद महत्वपूर्ण है।’’
वील ने कहा, ‘‘ऐसे में अगर हॉकी इंडिया के संविधान का मसौदा तैयार करने और चुनावों में और देरी होती है तो इससे हमारी चिंताएं बढ़ जाएंगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)