मिर्जापुर (उप्र), 12 सितम्बर मिर्जापुर जिले के कटरा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बेखौफ लुटेरों ने एक बैंक की कैश वैन के गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी और नकदी से भरा बक्सा लेकर भाग गये।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि वैन नकदी लेकर कटरा कोतवाली क्षेत्र के बदली कटरा इलाके में स्थित एक बैंक के बाहर रुकी थी। तभी दो मोटरसाइकिलों पर आए चार हथियारबंद लुटेरों ने बैंक कर्मियों से नकदी बॉक्स छीनकर भागने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि कैश वैन के गार्ड जय सिंह (42) ने लुटेरों को पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने उसे गोली मार दी और नकदी भरा बक्सा लेकर भाग गये।
अभिनंदन के मुताबिक, गम्भीर रूप से घायल सिंह को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बदमाशों की गोली लगने से तीन अन्य बैंक कर्मी भी जख्मी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। लुटेरे कितनी नकदी लूटकर ले गये हैं, इसका तत्काल पता नहीं लग सका है। मामले की जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY