देश की खबरें | फारूक अब्दुल्ला ने जम्मू कश्मीर में स्थिति सामान्य हो जाने संबंधी भाजपा के दावे की आलोचना की

जम्मू, 17 अक्टूबर नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को हटाये जाने के बाद स्थिति सामान्य हो जाने संबंधी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दावों को लेकर सोमवार को उसकी आलोचना की और कहा कि न्याय प्रदान किये जाने तक हत्याएं नहीं रूकेंगी।

श्रीनगर से सांसद अब्दुल्ला ने कहा कि यदि जमीनी स्तर पर स्थिति बेहतर हो गई होती तो एक और कश्मीरी पंडित की हत्या नहीं होती।

उन्होंने संवाददाताओं से संक्षिप्त बातचीत में कहा, ‘‘जब तक न्याय नहीं होगा, हत्याएं नहीं रूकेंगी।’’ शोपियां में आतंकवादियों द्वारा एक कश्मीरी पंडित की हाल में हत्या कर दिये जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने यह कहा।

आतंकवादियों ने दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में स्थित चौधरी गुंड इलाके में पूरन कृष्ण भट नाम के व्यक्ति की शनिवार को गोली मार कर हत्या कर दी। उनके पैतृक घर के बाहर उन पर यह हमला किया गया था।

जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘वे यह शोरगुल कर रहे हैं कि यह (आतंकवाद) अनुच्छेद 370 का नतीजा है। आज, अनुच्छेद 370 नहीं है लेकिन फिर इस तरह की हत्याएं क्यों हो रही हैं और कौन जिम्मेदार है?’’

उल्लेखनीय है कि केंद्र में भाजपा नीत सरकार ने जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा मुहैया करने वाले अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को रद्द कर दिया था और पूर्ववर्ती राज्य को पांच अगस्त 2019 को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित कर दिया था।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी सहित चार अन्य दलों के साथ अब्दुल्ला की पार्टी (नेकां) गुपकर गठबंधन के बैनर तले विशेष दर्जा बहाल करने की मांग कर रही है।

अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘यदि स्थिति बेहतर हो गई होती (जैसा कि भाजपा ने दावा किया है), इस बेकसूर (कश्मीरी) पंडित की हत्या नहीं होती। मुझे कोई बेहतर स्थिति नजर नहीं आती।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)