देश की खबरें | कृषि कानून के खिलाफ सिंघू बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसान का शव पेड़ से लटका मिला : पुलिस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केन्द्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन में शामिल पंजाब के 45 वर्षीय एक किसान ने सिंघू बॉर्डर के पास कथित तौर पर पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली।

चंडीगढ़, 10 नवंबर केन्द्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन में शामिल पंजाब के 45 वर्षीय एक किसान ने सिंघू बॉर्डर के पास कथित तौर पर पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि किसान की पहचान गुरप्रीत सिंह के तौर पर हुई है, जो फतेहगढ़ साहेब जिले का निवासी था। कुंडली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के एक स्थानीय अस्पताल भेजा गया है।

किसान नेता बलवंत सिंह ने कहा कि उन्हें घटना की सूचना सुबह सात बजे मिली। उन्होंने कहा, ‘‘हमें सुबह सात बजे घटना की जानकारी मिली। वह पिछले तीन-चार महीनों से सिंघू बॉर्डर पर प्रदर्शन में शामिल थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है।’’

गौरतलब है कि किसानों के अनेक संगठन ‘कृषक (सशक्तिकरण एवं संरक्षण) कीमत आश्वासन और कृषि सेवा करार कानून, 2020’, ‘कृषक उत्पाद व्यापार एवं वाणिज्य (संवर्धन एवं सरलीकरण) कानून, 2020’ और ‘आवश्यक वस्तु (संशोधन) कानून’ को वापस लेने की मांग को लेकर नवंबर 2020 से दिल्ली से लगी सीमाओं पर आंदोलन कर रहे हैं।

किसानों को भय है कि इससे न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) प्रणाली खत्म हो जाएगी, जबकि सरकार इन कानूनों को प्रमुख कृषि सुधारों के रूप में पेश कर रही है। दोनों पक्षों के बीच 11 दौर से अधिक की बातचीत हो चुकी है,लेकिन इनका कोई नतीजा नहीं निकला है।

किसान फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी के लिए एक नए कानून की भी मांग कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\