देश की खबरें | कुरुक्षेत्र में किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अवरुद्ध किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में किसानों के एक समूह ने राज्य सरकार पर धान की खरीद में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए कई घंटों तक नयी दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध रखा।

कुरुक्षेत्र, पांच अक्टूबर हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में किसानों के एक समूह ने राज्य सरकार पर धान की खरीद में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए कई घंटों तक नयी दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध रखा।

दोपहर करीब दो बजे पिपली में शुरू हुई सड़क नाकाबंदी से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सैकड़ों किसान राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार ने 3 अक्टूबर से धान की खरीद शुरू करने की घोषणा की थी, लेकिन बड़ी मात्रा में फसल खरीद के लिये मंडियों के बाहर पड़ी है।

किसानों ने अंबाला-हिसार मार्ग पर भी इस्माइलाबाद और पिहोवा में यातायात अवरुद्ध कर दिया। बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों को खासतौर पर परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बस में दिल्ली से चंडीगढ़ जा रहीं सुनीता देवी ने कहा कि यातायात अवरुद्ध होने से उनके बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने सोशल मीडिया पर यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी थी।

किसान नेता सुखबीर सिंह ने कहा कि जब तक सरकार धान की खरीद शुरू नहीं करती, तब तक वे नाकाबंदी खत्म नहीं करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\