देश की खबरें | विमान में बम होने की झूठी धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कानपुर के चकेरी स्थित हवाई अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया जब 72 सीटों वाले विमान में बम होने की धमकी दी गयी। हालांकि यह खबर झूठी निकली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

कानपुर (उप्र), 18 अप्रैल कानपुर के चकेरी स्थित हवाई अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया जब 72 सीटों वाले विमान में बम होने की धमकी दी गयी। हालांकि यह खबर झूठी निकली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते विमान में बम होने का फोन करने वाले मोहित सिंह (21) को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसने कबूल किया कि उसने परेशान करने के लिए यह हरकत की थी।

चकेरी के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सुमित सुधाकर रामटेके के अनुसार, हवाई अड्डा कर्मचारी सतेंद्र सिंह को विमान में बम होने की सूचना मिली थी। अधिकारी ने कहा, ‘‘फोन करने वाले ने दावा किया था कि 72 सीटों वाले विमान में बम लगाया गया है जो उतरते ही फट जाएगा।’’

सूचना मिलने पर चकेरी पुलिस और निगरानी दल ने जांच शुरू की। बम निरोधक दस्ते समेत निगरानी टीम ने हवाई अड्डा परिसर की तलाशी ली।

कुछ ही घंटों में निगरानी टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से नौबस्ता के यशोदा नगर निवासी मोहित सिंह को खोज निकाला और गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान सिंह ने स्वीकार किया कि धमकी भरा कॉल एक शरारत थी।

अधिकारी ने कहा कि मोहित सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\