जरुरी जानकारी | यूरोप की अर्थव्यवस्था जून तिमाही में सुस्ती से उबरी

यूरोपीय संघ की सांख्यिकीय इकाई यूरोस्टैट ने सोमवार को जारी आंकड़ों में कहा कि वर्ष 2023 के पहले तीन महीनों की तुलना में जून तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 0.3 प्रतिशत रही है। इस तरह यूरोपीय संघ की वृद्धि दर में सुधार दर्ज किया गया है।

इसके पहले जनवरी-मार्च तिमाही में वृद्धि दर शून्य रही थी जबकि अक्टूबर-दिसंबर, 2022 की तिमाही में इसमें गिरावट दर्ज की गई थी।

फ्रांस में 0.5 प्रतिशत और स्पेन में 0.4 प्रतिशत की तिमाही वृद्धि दर से यूरोजोन को थोड़ा समर्थन मिला है। इसके अलावा आयरलैंड की भी वृद्धि दर 3.3 प्रतिशत रही है।

पिछले साल रूस-यूक्रेन युद्ध छिड़ने के बाद से ऊर्जा एवं ईंधन की कीमतों में आए उछाल ने समूचे यूरोप की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव डाला है। उच्च मुद्रास्फीति को काबू में करने के लिए यूरोपीय केंद्रीय बैंक ईसीबी ने लगातार नीतिगत ब्याज दरों में वृद्धि की है।

इस बीच जुलाई के महीने में मुद्रास्फीति घटकर 5.3 प्रतिशत पर आ गई जबकि जून में यह 5.5 प्रतिशत रही थी।

एपी प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)