विदेश की खबरें | यूरोपीय संघ ने रूस पर यूक्रेन में युद्ध अपराधों को अंजाम देने का लगाया आरोप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. जर्मनी की विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक ने यूक्रेन के बंदरगाह शहर मारियुपोल में नागरिकों की मौत की घटनाएं बढ़ने, अस्पतालों तथा सिनेमाघरों सहित बुनियादी ढांचों पर रूसी हमलों का जिक्र किया।
जर्मनी की विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक ने यूक्रेन के बंदरगाह शहर मारियुपोल में नागरिकों की मौत की घटनाएं बढ़ने, अस्पतालों तथा सिनेमाघरों सहित बुनियादी ढांचों पर रूसी हमलों का जिक्र किया।
बेयरबॉक ने कहा, ‘‘ अदालत इसका फैसला करेगी, लेकिन मेरे लिए स्पष्ट तौर पर ये युद्ध अपराध हैं।’’
यूरोपीय संघ की विदेश नीति के प्रमुख जोसेप बोरेल, ने कहा, ‘‘ मारियुपोल में जो हो रहा है वह युद्ध अपराध है। सबकुछ तबाह करना, बमबारी करना और बेपरवाह तरीके से लोगों की हत्या करना। यह बेहद भयावह है।’’
बोरेल ने ही ब्रसेल्स में सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता की।
अज़ोव सागर से घिरे दक्षिणी शहर ने पिछले कुछ दिनों में युद्ध के कुछ सबसे भयानक मंजर देखे हैं। मारियुपोल के अधिकारियों ने बताया कि रूसी हमलों से शहर में कम से कम 2,300 लोग मारे गए हैं, जिनमें से कुछ को सामूहिक कब्रों में दफनाया गया है।
नीदरलैंड में अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय यूक्रेन में संभावित युद्ध अपराधों के बारे में सबूत जुटा रहा है, लेकिन रूस भी अमेरिका की तरह ही न्यायाधिकरण के अधिकार क्षेत्र को मान्यता नहीं देता है।
आयरलैंड के विदेश मंत्री साइमन कोवेनी ने कहा कि उनका देश ‘‘ निश्चित रूप से यूक्रेन में हो रहे अत्याचारों के संदर्भ में जवाबदेही तय करने के लिए अन्य तंत्रों पर विचार करने को तैयार है।’’
कोवेनी ने कहा कि यूक्रेन पर रूस का आक्रमण ‘‘यूरोपीय संघ में जनता के भीतर इस बात को लेकर रोष पैदा कर रहा है कि हम इसे क्यों नहीं रोक सकते।’’
उन्होंने कहा कि यूरोप के लोग ‘‘चाहते हैं कि उन निर्णयों और क्रूरता के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए।’’
जर्मनी के नेतृत्व वाले देशों का समूह ऊर्जा की ऊंची कीमतों को लेकर चिंताओं और रूस द्वारा यूरोप को गैस का निर्यात रोकने की आशंकाओं के बीच अभी नए प्रतिबंध नहीं लगाना चाहता।
लिथुआनियाई विदेश मंत्री गेब्रियलियस लैंड्सबर्गिस ने हालांकि कहा , ‘‘ हमें प्रतिबंध लगाने से रुकना नहीं है। हमें यूक्रेन की मदद करते रहना है, हम ऐसा करते हुए थक नहीं सकते।’’
लैंड्सबर्गिस ने कहा कि यूरोपीय संघ को तेल के क्षेत्र को लक्षित करना चाहिए, जो रूस के लिए राजस्व का एक प्रमुख स्रोत है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)