देश की खबरें | काम पर लौटने के इच्छुक कर्मचारियों को सुरक्षा दी जायेगी: परब

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री अनिल परब ने बृहस्पतिवार को कहा कि काम पर लौटने के इच्छुक एमएसआरटीसी कर्मचारियों को सुरक्षा दी जाएगी।

मुंबई, 11 नवंबर महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री अनिल परब ने बृहस्पतिवार को कहा कि काम पर लौटने के इच्छुक एमएसआरटीसी कर्मचारियों को सुरक्षा दी जाएगी।

इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने परब पर कर्मचारियों को बांटकर जारी हड़ताल को खत्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के कर्मचारियों की हड़ताल 15 दिन से जारी है।

यहां निगम मुख्यालय में यूनियन नेताओं, संभागीय नियंत्रकों और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद परब ने संवाददाताओं से कहा कि वह कर्मचारियों से बार-बार ड्यूटी पर लौटने की अपील कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि कई कर्मचारियों ने उन्हें संदेश भेजा था कि वे हड़ताल खत्म कर ड्यूटी पर लौटना चाहते हैं लेकिन उन्हें कुछ लोग रोक रहे हैं।

मंत्री ने कहा, “मैंने संभागीय नियंत्रकों की बात सुनी है। अब मैं पुलिस महानिदेशक से बात कर रहा हूं। जो कर्मचारी ड्यूटी पर लौटना चाहते हैं उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी।”

उन्होंने कहा कि बस संचालन फिर से शुरू करने के प्रयास किए जाएंगे और संभागीय नियंत्रकों और पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री ने कहा कि कर्मचारियों को किसी भी सहयोगी को नहीं रोकना चाहिए जो ड्यूटी में शामिल होना चाहता है।

वहीं, भाजपा नेता प्रवीण दारेकर ने कहा कि परब "फूट डालो और राज करो" की रणनीति का इस्तेमाल कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\