देश की खबरें | सांड के हमले में बुजुर्ग किसान की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी गांव में एक आवारा सांड ने 58 वर्षीय किसान को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश), 16 दिसंबर चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी गांव में एक आवारा सांड ने 58 वर्षीय किसान को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

चरथावल के थाना प्रभारी राकेश शर्मा के मुताबिक, घटना बृहस्पतिवार की है।

मृतक की पहचान भोपाल सिंह (58) के रूप में हुई है।

पुलिस ने सिंह के भतीजे अरविंद कुमार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि भोपाल सिंह अपने घर के बाहर बैठे थे, तभी एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि घायल किसान को सिर में चोट लगी थी और उन्हें चरथावल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां सिंह को मृत घोषित कर दिया गया।

इस बीच, केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री संजीव कुमार बालियान ने बृहस्पतिवार शाम जिले के अधिकारियों की बैठक में अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि आवारा मवेशी खुले इलाकों में न घूमें और उन्हें गोआश्रय गृहों में रखा जाए।

इससे पहले इसी तरह के हमलों में दो लोगों की जान जा चुकी है। दयानंद वर्मा (75) शामली में 14 दिसंबर को एक आवारा सांड के हमले में मारे गए थे, जब वह साइकिल से जा रहे थे। उसी दिन (14 दिसंबर) बिजनौर जिले के बुद्धपुर गांव में सांड के हमले में एक किसान लखन सिंह (60) की उस समय मौत हो गई थी, जब वह खेत में काम कर रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now