देश की खबरें | ईडी ने पाकिस्तान को अवैध रूप से दवाएं निर्यात करने पर तेलंगाना की फार्मा कंपनी की संपत्ति जब्त की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने धन शोधन निरोधक कानून के तहत तेलंगाना स्थित एक दवा कंपनी की पांच करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की है। कंपनी पर पाकिस्तान को अवैध रूप से 18,000 किलोग्राम से अधिक दवाइयां निर्यात करने का आरोप है।
नयी दिल्ली, 20 फरवरी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने धन शोधन निरोधक कानून के तहत तेलंगाना स्थित एक दवा कंपनी की पांच करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की है। कंपनी पर पाकिस्तान को अवैध रूप से 18,000 किलोग्राम से अधिक दवाइयां निर्यात करने का आरोप है।
राज्य के संगारेड्डी जिले में स्थित कंपनी ‘ल्यूसेंट ड्रग्स प्राइवेट लिमिटेड’ के खिलाफ बुधवार को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत एक अंतरिम आदेश जारी किया गया था।
संघीय जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि कुर्क की गई संपत्तियों में कंपनी की जमीन, इमारत और फैक्टरी परिसर शामिल हैं और इनकी कीमत करीब 5.67 करोड़ रुपये है।
ईडी की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया के लिए कंपनी या उसके निदेशकों से तुरंत संपर्क नहीं किया जा सका।
ईडी ने कहा कि धन शोधन का मामला स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा कंपनी के खिलाफ ‘ट्रामाडोल’ दवा के अवैध निर्यात और विभिन्न निर्यात प्राधिकरणों से संबंधित दस्तावेजों की जालसाजी के लिए दर्ज की गई शिकायत पर आधारित है।
‘ट्रामाडोल’ एक ऐसी दवा है जिसका उपयोग दर्द निवारक के रूप में किया जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)