देश की खबरें | ईडी ने ‘फेमा’ मामले में एम्पुरान निर्माता गोपालन की चिटफंड कंपनी पर छापा मारा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 1000 करोड़ रुपये के कथित विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले में केरल के व्यवसायी एवं फिल्म ‘एल 2: एम्पुरान’ के निर्माताओं में शामिल गोकुलम गोपालन की ‘चिटफंड कंपनी’ के परिसरों पर शुक्रवार को छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

कोच्चि/ नयी दिल्ली, चार अप्रैल प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 1000 करोड़ रुपये के कथित विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले में केरल के व्यवसायी एवं फिल्म ‘एल 2: एम्पुरान’ के निर्माताओं में शामिल गोकुलम गोपालन की ‘चिटफंड कंपनी’ के परिसरों पर शुक्रवार को छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि ईडी के कोच्चि कार्यालय द्वारा विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के प्रावधानों के तहत चेन्नई (तमिलनाडु) और कोच्चि (केरल) सहित विभिन्न राज्यों में गोकुलम गोपालन के पांच परिसरों पर तलाशी ली जा रही है।

गोपालन और उनकी कंपनी ‘श्री गोपालन चिट एंड फाइनेंस कंपनी लिमिटेड’ के खिलाफ कुछ प्रवासी भारतीयों के साथ 1,000 करोड़ रुपये के कथित फेमा उल्लंघन और कुछ संबंधित ‘‘अनधिकृत’’ लेन-देन के संबंध में यह कार्रवाई की जा रही है।

यह तलाशी कंपनी के कोडम्बक्कम स्थित कार्यालय और गोपालन के चेन्नई के नीलांकरई स्थित फार्महाउस पर ली गई।

ऐसा समझा जाता है कि एजेंसी कंपनी के खिलाफ कुछ ‘‘धोखाधड़ी’’ मामलों का भी विश्लेषण कर रही है ताकि धन शोधन विरोधी कानून के तहत संभावित जांच की जा सके।

संघीय जांच एजेंसी की यह छापेमारी 'एल2: एम्पुरान' को लेकर हाल ही में उठे विवाद के बाद हो रही है। 'एल2: एम्पुरान' फिल्म लूसिफ़र का दूसरा भाग है। यह फिल्म 27 मार्च को मलयालम, तमिल, कन्नड़ और तेलुगु में रिलीज हुई थी।

गोपालन के अलावा, इसके अन्य निर्माताओं में आशीर्वाद सिनेमाज, श्री गोकुलम मूवीज और लाइका प्रोडक्शंस के बैनर तले एंटनी पेरुंबवूर और सुबास्करन शामिल हैं।

यह फिल्म अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन द्वारा निर्देशित तीन फिल्मों की एक श्रृंखला है, जिसमें मलयालम फिल्मों के सुपरस्टार मोहनलाल के साथ सुकुमारन ने भी अहम भूमिका निभाई है।

मुरली गोपी द्वारा लिखित इस फिल्म में मंजू वारियर, सूरज वेंजारामूडु, टोविनो थॉमस, इंद्रजीत सुकुमारन, जेरोम फ्लिन और एरिक एबौनी भी शामिल हैं।

मोहनलाल ने हाल में इस विवाद पर खेद व्यक्त किया था तथा आश्वासन दिया था कि फिल्म से विवादित अंश हटा दिए जाएंगे।

इस फिल्म में एक अन्य निर्माता एंटनी पेरुम्बवूर ने इस महीने की शुरुआत में कोच्चि में संवाददाताओं से कहा था कि विवाद के बाद फिल्म से दो मिनट से अधिक के दृश्य हटा दिए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now