देश की खबरें | महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण से होगी देश की प्रगति: राष्ट्रपति मुर्मू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण से देश की प्रगति और विकास होगा।
उदगीर, चार सितंबर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण से देश की प्रगति और विकास होगा।
उन्होंने महिलाओं से केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने को भी कहा।
मुर्मू यहां एक सभा को संबोधित कर रही थीं जहां एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार की ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना’ तथा ‘शासन आपल्या दारी’ कार्यक्रमों के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए।
उन्होंने कहा कि आर्थिक सशक्तीकरण से महिलाओं का व्यक्तिगत विकास होगा, जो देश की आबादी का आधा हिस्सा हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने इस बात पर खुशी जताई कि महाराष्ट्र सरकार ने 25 लाख महिलाओं को लखपति दीदी (प्रति वर्ष एक लाख रुपये से अधिक कमाने वाली महिलाएं) बनाने का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि 13 लाख महिलाएं पहले ही लखपति दीदी बन चुकी हैं।
राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘केंद्र ने लखपति दीदियों का लक्ष्य एक करोड़ से संशोधित कर तीन करोड़ कर दिया है।’’
मुर्मू ने महिलाओं से अपने परिवार की देखभाल के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने को कहा। उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप समृद्ध होंगी और स्वस्थ रहेंगी तो देश विकास और प्रगति करेगा।’’
राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘पुरुषों को महिलाओं की क्षमता को समझना चाहिए और उन्हें उनके सपनों तथा आकांक्षाओं को हासिल करने में मदद करनी चाहिए।’’
मुर्मू ने उल्लेख किया कि देश के कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)