देश की खबरें | मुंबई के कांदिवली स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आया डंपर, चार रेल कर्मी निलंबित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महानगर के कांदिवली रेलवे स्टेशन पर एक डंपर अमृतसर जा रही पश्चिम एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मुंबई, 20 जुलाई महानगर के कांदिवली रेलवे स्टेशन पर एक डंपर अमृतसर जा रही पश्चिम एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
रेलवे के सूत्रों ने बताया कि घटना दोपहर करीब 12.30 बजे उस समय हुई जब कुछ निर्माण सामग्री से लदा एक डंपर पटरियों के पास खड़ा था। यह ट्रेन के इंजन की चपेट में आ गया।
यह भी पढ़े | कोरोना के महाराष्ट्र में 8240 नए मरीज पाए गए, 176 की मौत: 20 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसपंर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने कहा, ‘‘डाउन (अमृतसर जा रही) पश्चिम एक्सप्रेस ने कांदिवली में पांचवीं रेल लाइन पर डंपर को टक्कर मार दी। घटना में कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ है।’’
सूत्रों ने बताया कि टक्कर के चलते ट्रेन के इंजन में एक तरफ थोड़ी खरोंच आ गई और डंपर तथा रेलवे परिसर को भी थोड़ा नुकसान हुआ है।
पश्चिम रेलवे ने घटना पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कांदिवली स्टेशन के दो अधीक्षकों सहित चार रेलकर्मियों को निलंबित कर दिया और डपंर चालक के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई।
इससे पहले पश्चिम रेलवे ने घटना की जांच के आदेश दिए थे।
घटना के चलते ट्रेन लगभग एक घंटे तक हादसे वाली जगह पर खड़ी रही।
ठाकुर ने बताया कि बाद में ट्रेन कांदिवली से अपराह्न लगभग डेढ़ बजे रवाना हुई और बोरिवली स्टेशन पहुंची जहां इसका इंजन बदला गया। इसके बाद यह अपराह्न 2.35 बजे आगे की यात्रा पर रवाना हो गई।
पश्चिम रेलवे के अनुसार डंपर चालक को पकड़ने के साथ ही उसके वाहन को जब्त कर लिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)