देश की खबरें | केरल तट से जब्त किये गये मादक पदार्थ की कीमत संप्रग शासन के तहत जब्त ड्रग्स से ज्यादा है: शाह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि केरल तट से हाल में जब्त किये गये मादक पदार्थों की कीमत केन्द्र में कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के 10 साल के शासनकाल में जब्त कुल ‘ड्रग्स’ की कीमत से ज्यादा है।
द्वारका (गुजरात), 20 मई केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि केरल तट से हाल में जब्त किये गये मादक पदार्थों की कीमत केन्द्र में कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के 10 साल के शासनकाल में जब्त कुल ‘ड्रग्स’ की कीमत से ज्यादा है।
उन्होंने यह भी कहा कि तटवर्ती सुरक्षा में खामी के कारण 26 नवंबर 2008 को मुंबई आतंकवादी हमला हुआ।
शाह ने गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले के ओखा में ‘नेशनल एकेडमी ऑफ कोस्टल पुलिसिंग (एनएसीपी)’ के स्थाई परिसर का शिलान्यास करते हुए यह टिप्पणी की।
गृहमंत्री ने कहा, ‘‘भारतीय नौसेना और तटरक्षक ने केरल तट पर हाल ही में 12,000 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ जब्त किया। पूर्व में, साल भर में जब्त किये जाने वाले मादक पदार्थों के मुकाबले यह ज्यादा है। संप्रग के 10 साल के शासनकाल के दौरान 680 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए थे। वहीं हमने एक बार में 12,000 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किये हैं। यह प्रदर्शित करता है कि सुरक्षा मजबूत हुई है।’’
नौसेना और स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने संयुक्त अभियान में भारत की समुद्री सीमा में केरल के तट से मेथामफेटामाइन की करीब 2,500 किलोग्राम गोलियां जब्त की हैं, जिनकी कीमत करीब 12,000 करोड़ रुपये आंकी गई है।
शाह ने कहा, ‘‘सुरक्षा विशेषज्ञों ने माना है कि भारत की सुरक्षा मजबूत हुई है और देश के भीतर तथा सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोग 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पद संभालने के बाद से सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि मोदी ने पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में (2014 से पहले) वहां की सुरक्षा मजबूत की और अब वह विभिन्न राज्य सरकारों के समन्वय से देश को सुरक्षित करने का प्रयास कर रहे हैं।
पाकिस्तानी आतंकवादियों के समुद्री रास्ते के जरिये आने और 2008 के मुंबई आतंकवादी हमले को अंजाम देने का संदर्भ देते हुए शाह ने कहा कि तटवर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा में चूक के कारण यह त्रासदी हुई।
गौरतलब है कि 26 नवंबर, 2008 को हुए मुंबई हमले के वक्त केन्द्र में कांग्रेस नीत संप्रग सरकार थी।
शाह ने कहा, ‘‘देश ने हमारे तटवर्ती सुरक्षा में चूक की बड़ी कीमत चुकायी है। कोई देशभक्त नागरिक उस त्रासदी को नहीं भूल सकता है जब हमारी सुरक्षा में चूक के कारण 166 लोग मारे गये थे। हमारे देश को मुंबई आतंकवादी हमले के कारण दुनिया के समक्ष शर्मिंदगी झेलनी पड़ी।’’
गृहमंत्री ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी नीत सरकार में तटवर्ती सुरक्षा के लिए समग्र नीति का पालन किया जा रहा है और फिर से उसी तरह का कृत्य करने की सोच रहे ‘दुश्मनों’ को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)