देश की खबरें | नोएडा मेट्रो के विस्तार के लिए डीपीआर तैयार, बॉटनिकल गार्डन पर दिल्ली मेट्रो से होगा सीधा संपर्क
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गौतमबुद्ध नगर जिले में नोएडा सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशनों के बीच मेट्रो लाइन के विस्तार के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) मंजूरी के लिए स्थानीय अधिकारियों को सौंप दी गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। .
नोएडा, 30 नवंबर गौतमबुद्ध नगर जिले में नोएडा सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशनों के बीच मेट्रो लाइन के विस्तार के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) मंजूरी के लिए स्थानीय अधिकारियों को सौंप दी गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। .
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद डीपीआर नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) की अगली बोर्ड बैठक में पेश की जाएगी।
एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक लोकेश एम ने कहा, इसके बाद डीपीआर को उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
डीपीआर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) द्वारा एनएमआरसी के लिए तैयार किया गया है। एनएमआरसी नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच ‘एक्वा लाइन’ का संचालन करता है।
डीपीआर के मुताबिक, नयी लाइन ‘एक्वा लाइन’ पर स्थित नोएडा सेक्टर 142 स्टेशन को दिल्ली मेट्रो के बॉटनिकल गार्डन स्टेशन से जोड़ेगी। बॉटनिकल गार्डन स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन और मैजेंटा लाइन के लिए एक इंटरचेंज स्टेशन है।
एनएमआरसी के बयान के अनुसार, प्रस्तावित लाइन की कुल लंबाई 11.56 किलोमीटर होगी और इसकी लागत 2254.35 करोड़ रुपये होगी।
बयान में कहा गया है कि इस लाइन पर आठ नए एलिवेटेड स्टेशन होंगे - बॉटनिकल गार्डन, नोएडा सेक्टर 44, नोएडा ऑफिस, सेक्टर 97, सेक्टर 105, सेक्टर 108, सेक्टर 93, पंचशील बालक इंटर कॉलेज और सेक्टर 142 (पहले से मौजूद)।
लोकेश एम. ने कहा, ‘‘यह परियोजना नोएडा और ग्रेटर नोएडा दोनों शहरों के निवासियों को कनेक्टिविटी में आसानी प्रदान करेगी और उन्हें दिल्ली मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगी। बॉटनिकल गार्डन एनएमआरसी की एक्वा लाइन और डीएमआरसी की मैजेंटा और ब्लू लाइन के बीच एक इंटरचेंज स्टेशन के रूप में काम करेगा।’’
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी लोकेश एम. ने कहा, ‘‘यह परियोजना नोएडा-ग्रेटर नोएडा -दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले सभी यात्रियों के लिए फायदेमंद होगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)