देश की खबरें | घरेलू क्षेत्र संकट में नहीं, कांग्रेस गलत तर्क दे रही : भाजपा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा ने सोमवार को यह कहते हुए कांग्रेस पर हमला बोला कि देश का घरेलू क्षेत्र संकट में नहीं है। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस यह दिखाने के लिए ‘विवेकहीन और गलत जानकारी वाले तर्क’ पेश कर रही है कि सरकार का आर्थिक प्रबंधन खराब है।
नयी दिल्ली, 25 सितंबर भाजपा ने सोमवार को यह कहते हुए कांग्रेस पर हमला बोला कि देश का घरेलू क्षेत्र संकट में नहीं है। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस यह दिखाने के लिए ‘विवेकहीन और गलत जानकारी वाले तर्क’ पेश कर रही है कि सरकार का आर्थिक प्रबंधन खराब है।
भाजपा की यह प्रतिक्रिया कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के आरोप के बाद आई है। रमेश ने ‘एक्स’ पर एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर ‘अर्थव्यवस्था के कुप्रबंधन’ और ‘प्राथमिकताओं के निर्धारण में गलती’ का आरोप लगाया। रमेश ने यह भी दावा किया कि बढ़ती महंगाई और स्थिर पारिश्रमिक के कारण परिवार बचत करने में असमर्थ हैं।
भाजपा के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर कहा, ‘‘कांग्रेस को बुनियादी जांच किए बिना किसी भी मुद्दे पर मूर्खतापूर्ण तरीके से कूदना पसंद है... इसके अलावा, कांग्रेस राज के मुकाबले समृद्धि आई है जिसका कार्यकाल (2009-14) भारत के लिए किसी आर्थिक आपदा से कम नहीं है।’’
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के लिए यही अच्छा होगा कि वह विवेकहीन और गलत जानकारी वाले तर्क पेश करने से पहले मुद्दों पर गहराई से विचार करे।
भाजपा नेता ने कहा कि जून 2020 और मार्च 2023 के बीच घरेलू सकल वित्तीय परिसंपत्तियों का स्टॉक 37.6 प्रतिशत बढ़ गया और 2014-15 के बाद से प्रति व्यक्ति आय दोगुना हो गई है।
भाजपा नेता ने दावा किया कि कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन के शासनकाल के दौरान दो अंकों की मुद्रास्फीति एक ‘‘नियमित विशेषता’’ थी, जो वास्तव में विशेष रूप से गरीबों और कमजोर लोगों की बचत को खा जाती थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)